विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में एनकाउंटर, डाबड़ी हत्याकांड का आरोपी शिवम जग्गी मुठभेड़ में गिरफ्तार

By Mukesh ThakurEdited By: Kapil Kumar
Published: Sat, 31 Oct 2026 11:49 AM (IST)

पश्चिमी दिल्ली के डाबड़ी हत्याकांड का 19 वर्षीय मुख्य आरोपी शिवम जग्गी उर्फ गू द्वारका पुलिस के साथ मुठभेड़ के ...और पढ़ें

दिल्ली में मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार। सोशल मीडिया

दिल्ली में मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार। सोशल मीडिया

HighLights

  1. डाबड़ी हत्याकांड का आरोपी शिवम जग्गी गिरफ्तार।

  2. द्वारका पुलिस से मुठभेड़ में आरोपी घायल हुआ।

  3. हाशिम बाबा गिरोह से जुड़ा है आरोपी।

मुकेश ठाकुर, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के डाबड़ी में 24 अक्टूबर की रात हुई हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचकर घूम रहा 19 वर्षीय आरोपित शिवम जग्गी उर्फ गू द्वारका पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी को उस समय पकड़ा गया, जब वह किसी दूसरी वारदात को अंजाम देने पहुंचा था। इससे पहले ही स्पेशल स्टाफ की टीम ने उसे घेर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित ने पुलिसकर्मियों पर चार गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की जांच में उसके सक्रिय रूप से हाशिम बाबा गिरोह से जुड़े होने जानकारी मिली है।

पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि 24 अक्टूबर देर रात डाबड़ी के झंडा चौक के पास एक युवक की चाकू मारकर हत्या की वारदात हुई थी। इस मामले में 25 अक्टूबर को डाबड़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हत्याकांड में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल स्टाफ की टीम को भी लगाया गया था।

30 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि शिवम जग्गी गोयला डेयरी-छावला इलाके में घूम रहा है और बाद में सेक्टर-24 स्थित यूईआर-दो के पास साबी नदी रोड पर अपने एक साथी से मिलने पहुंचेगा। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया गया तो उसने अवैध पिस्तौल निकालकर पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मसमर्पण करने की चेतावनी के बावजूद वह गोली चलाता रहा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान आरोपित के बाएं पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने चार राउंड फायर किए, जबकि पुलिस टीम ने चेतावनी और आत्मरक्षा में तीन राउंड गोलियां चलाईं। आरोपित के कब्जे से मैगजीन लगी एक अवैध पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और चार खाली खोखे बरामद किए गए हैं। वह हाशिम बाबा गिरोह के सदस्यों के संपर्क में था

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शिवम जग्गी का हाशिम बाबा गिरोह के सदस्यों से संपर्क था। हत्याकांड के बाद वह कथित तौर पर सीलमपुर इलाके में गिरोह के सदस्यों के साथ रह रहा था।

पुलिस को आशंका है कि गिरोह के सदस्यों के निर्देश पर वह अवैध हथियार लेकर द्वारका में दूसरी आपराधिक वारदात को अंजाम देने पहुंचा था। पुलिस हत्या के पीछे की वजह, गिरोह के सदस्यों की भूमिका और अन्य आरोपितों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

आरोपी शिवम जग्गी डाबड़ी के चाणक्य प्लेस पार्ट-एक का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित गंभीर अपराधों के चार मामले पहले भी दर्ज हैं। पुलिस अब डाबड़ी हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान करने और पूरी आपराधिक साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।