स्वच्छता अभियान चलाकर पार्षद ने वार्ड में बांटे पॉली बैग
रोहतास नगर वार्ड में पार्षद सुमन लता नागर ने निगम कर्मचारियों के साथ मिलकर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली: रोहतास नगर वार्ड में पार्षद सुमन लता नागर ने निगम कर्मचारियों के साथ मिलकर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान निगम कर्मचारियों ने लोग को पॉली बैग वितरित किए। अभियान के चलते निगम कर्मचारियों ने वार्ड के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सफाई की। वार्ड में डेंगू की रोकथाम के लिए वार्ड की नालियों में दवा का छिड़काव भी किया गया।
पार्षद सुमन लता नागर ने बताया कि वार्ड में पॉली बैग वितरित किए गए हैं, ताकि लोग अपने घरों का कूड़ा पॉली बैग में इकट्ठा करके रखे। गली में जब भी कूड़े का ऑटो का टिपर आए, उसमें कूड़े से भरे पॉली बैग को डाल दें। अगर सभी लोग नियमित रूप से इसी प्रक्रिया का पालन करेंगे तो वार्ड में कभी भी सड़कों पर कूड़े का ढेर नहीं लगेगा। जनता की एक पहल से वार्ड पूरा साफ हो सकता है। क्षेत्र में निगम के पार्को में भी दवाइयों का छिड़काव भी करवाया जा रहा है। जिससे क्षेत्र में मच्छर जनित बीमारियां न पनपे। विशेष सफाई अभियान के दौरान क्षेत्र में लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि निगम कर्मचारी रोजाना वार्ड में झाड़ू लगाकर कूड़े को इक्ट्ठा कर ऑटो टिपर के माध्यम से डलाव घर तक पहुंचाते हैं। उन्होंने बताया कि रक्षा बंधन के उपलक्ष्य में एक दिन पहले विशेष सफाई अभियान चलाया गया। वार्ड में घर-घर जाकर लोगों को अपने घरों के आसपास सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए जागरूक किया गया। जिससे वार्ड में सफाई व्यवस्था बनी रहे और मच्छर जनित बीमारियां न फैले। इस मौके पर अश्विनी पंडित, सुदेश सूद के अलावा नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।