अभी खत्म नहीं हुईं CJP की मुश्किलें, आशुतोष रांका-सौरव दास पर दर्ज दोनों FIR की जांच करेगी क्राइम ब्रांच
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच अब कनाट प्लेस और जंतर-मंतर पर बिना अनुमति प्रदर्शन के दो मामलों की जांच करेगी। ...और पढ़ें

दोनों पर दर्ज एफआईआर की जांच करेगी दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर में बिना अनुमति प्रदर्शन करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सीजेपी के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका से जुड़े दोनों मामलों की जांच अब क्राइम ब्रांच करेगी।
पहले कनॉट प्लेस से संबंधित प्राथमिकी क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी, जबकि बुधवार को जंतर-मंतर से जुड़े दूसरे मामले को भी इसी यूनिट के हवाले कर दिया गया। ऐसे में अब दोनों घटनाओं की जांच अब क्राइम ब्रांच की करेगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 13 अक्टूबर को सीजेपी के सदस्यों ने बिना अनुमति कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर में प्रवेश कर विरोध प्रदर्शन किया था। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की थीं। अब दोनों मामलों को क्राइम ब्रांच को सौंपे जाने के बाद जांच का दायरा बढ़ने की संभावना है।
निजी परिसरों से होकर जंतर-मंतर पहुंचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को सौरव दास, आशुतोष रांका, अजिंक्य शिंदे और सीजेपी के 11 अन्य सदस्य निजी परिसरों से होकर जंतर-मंतर इलाके में पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर अब विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल के रूप में मान्य नहीं है।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर सभी 14 लोगों को हिरासत में ले लिया था। इसके बाद उनके खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गईं। अब क्राइम ब्रांच दोनों मामलों में घटनाक्रम, प्रदर्शनकारियों की भूमिका और नियमों के उल्लंघन से जुड़े पहलुओं की जांच करेगी।
