घर के पास लघुशंका करने से मना किया तो युवकों ने ट्रांसपोर्टर को पीटा
जागरण संवाददाता पूर्वी दिल्ली कृष्णा नगर इलाके में एक ट्रांसपोर्टर को एक युवक को घर के
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : कृष्णा नगर इलाके में एक ट्रांसपोर्टर को एक युवक को घर के पास लघुशंका करने से मना करना भारी पड़ गया। युवक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर ट्रांसपोर्टर पर ईंट से हमला कर दिया। आरोपित युवकों ने ट्रांसपोर्टर को इतना मारा कि उसे अधमरा कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल हालत में पीड़ित को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने केस दर्जकर आरोपित विनोद, मनोज, राजू और मिथुन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार देवेंद्र कुमार परिवार के साथ कांति नगर एक्सटेंशन में रहते हैं। वह ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। शुक्रवार रात को वह खाना खाकर घर के बाहर टहल रहे थे, उसी वक्त विनोद और मनोज नाम के युवक अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचे। दोनों युवक उनके घर के पास एक दीवार पर लघुशंका करने लगे। पीड़ित ने दोनों को ऐसा करने से मना दिया। युवक आगबबूला हो गए और उन्होंने ट्रांसपोर्टर को ईंट से पीट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जख्मी हालत में ट्रांसपोर्टर को अस्पताल में भर्ती करवाया और वारदात के कुछ वक्त बाद ही पुलिस ने आरोपितों को दबोच लिया।