COP31 में जलवायु संकट पर नहीं बनी बात, न फॉसिल फ्यूल से दूरी और न गरीब देशों को आर्थिक मदद की गारंटी
तुर्किये के अंताल्या में COP31 जलवायु सम्मेलन वैश्विक जलवायु संकट से निपटने में विफल रहा, जहां जीवाश्म ईंधन से बाहर निकलने और विकासशील देशों के लिए वित्तीय मदद पर कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई।

तुर्किये के अंताल्या में संपन्न हुए जलवायु सम्मेलन (सीओपी31) में वैश्विक जलवायु संकट से निपटने के लिए कोई पुख्ता योजना न बन सकी। एआई इमेज
HighLights
जीवाश्म ईंधन से बाहर निकलने पर ठोस सहमति नहीं बनी।
विकासशील देशों के लिए जलवायु वित्त की गारंटी नहीं मिली।
बिजली व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर सकारात्मक पहल हुई।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। तुर्किये के अंताल्या में संपन्न हुए जलवायु सम्मेलन (सीओपी31) में वैश्विक जलवायु संकट से निपटने को लेकर देशों की गंभीरता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
सम्मेलन के अंतिम नतीजों में बिजली व्यवस्था के आधुनिकीकरण और जलवायु अनुकूलन के लिए वित्त जुटाने का रोडमैप तैयार करने जैसे कुछ सकारात्मक संकेत जरूर मिले हैं, लेकिन सबसे अहम मुद्दों पर ठोस सहमति नहीं बन पाई।
समझौते में न तो कोयला, तेल और गैस जैसे फॉसिल फ्यूल से बाहर निकलने की स्पष्ट प्रतिबद्धता दिखी और न ही जलवायु आपदाओं का सामना कर रहे विकासशील देशों के लिए वित्तीय मदद की कोई निश्चित राशि व समयसीमा तय हुई।
समाधान और संसाधनों की जिम्मेदारी से बचा सम्मेलन
विशेषज्ञों ने इस समझौते को राजनीतिक इच्छाशक्ति और जवाबदेही की कमी का नतीजा करार दिया है। सम्मेलन के नतीजों के विश्लेषण से यह स्पष्ट होता है कि दस्तावेज में जलवायु से जुड़ी समस्याओं को स्वीकार तो किया गया है, लेकिन उनके समाधान की जिम्मेदारी और जरूरी संसाधन तय करने से परहेज किया गया।
विशेष रूप से जलवायु परिवर्तन के कारण बढ़ती बाढ़, लू और भीषण तूफानों की मार झेल रहे विकासशील देशों को अनुकूलन के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता मिलने का रास्ता अभी भी धुंधला ही नजर आ रहा है।
जलवायु वित्त की समयसीमा एक बार फिर टली
इस सम्मेलन का सबसे केंद्रीय मुद्दा जलवायु वित्त रहा, जहां विकासशील देश विकसित देशों से मिलने वाली राशि, समय और शर्तों पर स्पष्ट जवाब चाहते थे। हालांकि, समझौते में पेरिस समझौते के अनुच्छेद 9.1 का जिक्र करते हुए विकसित देशों की वित्तीय जिम्मेदारी को दोहराया गया है और अनुकूलन वित्त का रोडमैप भी शामिल है, लेकिन कोई तय रकम घोषित नहीं की गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, अनुकूलन वित्त को तीन गुना करने का आधार और इसे लागू करने की प्रक्रिया नवंबर 2027 तक तय करने की बात कही गई है, जबकि समझौते में खुद माना गया है कि 2035 तक विकासशील देशों को सालाना करीब 305 अरब डॉलर की आवश्यकता होगी।
जरूरतमंद देशों की मांगों की अनदेखी पर नाराजगी
आर्थिक मदद में हो रही देरी पर विशेषज्ञों और वार्ताकारों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। IEEFA की दक्षिण एशिया निदेशक विभूति गर्ग का मानना है कि आपदाओं का सामना कर रहे समुदायों को अभी भरोसेमंद और आसान शर्तों पर अनुदान के रूप में मदद चाहिए, क्योंकि केवल रोडमैप से पैसे की गारंटी नहीं मिलती।
दूसरी ओर, कम विकसित देशों के नेपाली वार्ताकार राजूपंडित छेत्री ने भी इस परिणाम को निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि जलवायु जोखिमों से सबसे अधिक प्रभावित देशों ने 2035 तक अनुकूलन वित्त को सालाना 120 अरब डॉलर करने की मांग रखी थी, जिसे समझौते में कोई जगह नहीं मिली।
फॉसिल फ्यूल से बाहर निकलने की प्रतिबद्धता गायब
सम्मेलन की सबसे बड़ी विफलताओं में फॉसिल फ्यूल से दूरी बनाने को लेकर किसी ठोस फैसले का न होना शामिल है। क्लाइमेट ट्रेंड्स की निदेशक आरती खोसला के मुताबिक, रविवार तक खिंची लंबी बातचीत के बावजूद देश इस दिशा में सहमत नहीं हो सके और समझौते में फॉसिल फ्यूल शब्द का स्पष्ट उल्लेख तक नहीं है।
इससे बड़े उत्सर्जक देशों की जवाबदेही तय करने का मौका कमजोर हुआ है। वहीं, 'फिल द फंड' अभियान के ग्लोबल कन्वीनर हरजीत सिंह ने कहा कि COP28 में इस दिशा में बनी सहमति का जिक्र महज प्रस्तावना तक सिमट कर रह गया है। उनके अनुसार, विकसित देश स्वयं फॉसिल फ्यूल का उत्पादन और उपयोग जारी रखते हुए गरीब देशों से कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।
बिजली व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर सकारात्मक पहल
तमाम निराशाओं के बीच ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कुछ प्रावधानों को विशेषज्ञों ने सकारात्मक कदम माना है। समझौते में 2035 तक अंतिम ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी 35 प्रतिशत तक पहुंचाने, बिजली ग्रिड को आधुनिक बनाने और ट्रांसमिशन व वितरण नेटवर्क को मजबूत करने की जरूरत को स्वीकार किया गया है।
पेरिस COP में भारत के मुख्य वार्ताकार रहे डॉ. अजय माथुर और CSE की अवंतिका गोस्वामी ने इसे ऊर्जा बदलाव के अगले चरण और बदलती मांग-आपूर्ति के अनुरूप व्यवस्था तैयार करने के लिए एक सही दिशा बताया है।
स्वच्छ ऊर्जा और निवेश पैकेज की शर्त जरूरी
विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि बिजली की खपत बढ़ाने का लक्ष्य तभी पर्यावरण के लिए लाभकारी होगा, जब इसे नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार से जोड़ा जाए। कोयले और गैस से बनने वाली बिजली की जगह स्वच्छ ऊर्जा को अपनाना अनिवार्य है।
IEEFA की विभूति गर्ग के अनुसार, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा, आधुनिक बिजली ग्रिड और ऊर्जा भंडारण (स्टोरेज) में निवेश के लिए एक अलग और समर्पित वित्तीय पैकेज की व्यवस्था की जानी चाहिए थी।
1.5 डिग्री के लक्ष्य पर गहराता संकट
वैश्विक तापमान वृद्धि को नियंत्रित करने के प्रयासों को लेकर भी सम्मेलन के आंकड़ों ने चिंता बढ़ा दी है। लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स की विजिटिंग सीनियर फेलो लाबन्या जेना के अनुसार, समझौते में यह स्वीकार किया गया है कि देशों की मौजूदा राष्ट्रीय योजनाओं के आधार पर वैश्विक तापमान वृद्धि करीब 2.6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकती है।
यह स्थिति पेरिस समझौते के तहत तापमान को 2 डिग्री से काफी नीचे रखने और 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित करने के लक्ष्यों के लिए एक गंभीर खतरे का संकेत है।
कार्बन कैप्चर तकनीक पर निर्भरता और आगे की राह
विशेषज्ञों ने उत्सर्जन में सीधी कटौती करने के बजाय कार्बन कैप्चर तकनीक पर बढ़ते जोर को भी जोखिमपूर्ण बताया है, क्योंकि इसकी प्रभावशीलता और पर्यावरणीय असर पर अभी भी सवाल बने हुए हैं।
कुल मिलाकर, COP31 ने ऊर्जा बदलाव और जलवायु वित्त पर संवाद जारी रखने का रास्ता तो खोला है, लेकिन ठोस वित्तीय वादों और जवाबदेही के अभाव ने इसकी शक्ति को सीमित कर दिया है।
अब विश्व समुदाय के सामने सबसे बड़ी चुनौती 2027 तक इन कागजी और प्रक्रियागत फैसलों को धरातल पर ठोस कार्रवाई और सुनिश्चित वित्तीय सहायता में बदलने की होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।