4000 पुलिसकर्मी, 500 CCTV और 14 जोन; रामलीला मैदान में कांग्रेस रैली के लिए दिल्ली पुलिस का सिक्योरिटी प्लान
दिल्ली पुलिस ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की रैली के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए ...और पढ़ें

रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली को लेकर सुरक्षा प्लान तैयार। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने जा रही कांग्रेस की रैली को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
रैली में सुरक्षा व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 4000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा, जिसमें अर्धसैनिक बलों की 10 कंपनियां भी शामिल होंगी।
14 सुरक्षा जोन में बांटा जाएगा रामलीला मैदान
पुलिस अधिकारी का कहना है कि रामलीला मैदान और उसके आसपास के इलाके को 14 सुरक्षा जोन में बांटा जाएगा। हर जोन की कमान एडिशनल डीसीपी स्तर के अधिकारी संभालेंगे।
पुलिस टीमें भीड़ को नियंत्रित करने, संवेदनशील स्थानों पर नजर रखने और किसी भी परिस्थिति से तुरंत निपटने के लिए मुस्तैद रहेंगी। रैली में शामिल होने वाले लोगों की सटीक संख्या को लेकर अनिश्चितता है, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक मैदान में करीब 40 से 45 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है।
हालांकि, पुलिस इससे भी बड़ी भीड़ को ध्यान में रखकर तैयारी कर रही है।
500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे
सुरक्षा व पारदर्शी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे मैदान और आसपास के प्रवेश व निकास मार्गों सहित सभी रणनीतिक स्थानों पर लगाए जाएंगे।
एक हजार जवानों को बॉडी वार्न कैमरों से लैस किया जाएगा, ताकि वे जमीनी स्तर पर हर हलचल को रिकॉर्ड कर सकें। बड़ी संख्या में लोगों के आगमन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ तालमेल बैठाकर काम करेगी, ताकि आसपास के रास्तों पर जाम की स्थिति न बने।
गाड़ियों की सुगम आवाजाही, आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता पूरी तरह साफ रखने पर विशेष ध्यान रहेगा।
इन शर्तों के साथ मिली है अनुमति
पुलिस ने रैली के लिए एनओसी जारी कर दी है। आयोजकों को एमसीडी से पूर्व अनुमति और पुलिस की निम्न शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा :
- मैदान में पर्याप्त कैमरे लगाना अनिवार्य होगा।
- रैली को हर हाल में शाम पांच बजे तक समाप्त करना होगा और इसके बाद शांतिपूर्ण तरीके से भीड़ को हटाना होगा।
- भाषणों या बयानों से सार्वजनिक सौहार्द और शांति में कोई खलल नहीं पड़ना चाहिए।
- रामलीला मैदान के परिसर से बाहर किसी भी प्रकार का पैदल मार्च या जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।
यह भी पढ़ें- रामलीला मैदान में कांग्रेस रैली की मंजूरी बरकरार, दिल्ली पुलिस ने रखीं 14 शर्तें; शाम 5 बजे तक करनी होगी खत्म
