ब्रह्मस्थानम महोत्सव में शामिल हुईं सीएम रेखा गुप्ता, महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए 'अमृता श्री' कार्यक्रम का किया शुभारंभ
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ब्रह्मस्थानम महोत्सव में माता अमृतानंदमयी देवी (अम्मा) का आशीर्वाद लिया और 'अमृता श्री स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम' का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम 21 राज्यों में 15,000 से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का लक्ष्य रखता है।
-1795687878404_m.webp)
HighLights
सीएम रेखा गुप्ता ने ब्रह्मस्थानम महोत्सव में अम्मा का आशीर्वाद लिया।
महिला सशक्तीकरण हेतु 'अमृता श्री कार्यक्रम' का औपचारिक शुभारंभ किया।
यह कार्यक्रम 21 राज्यों में लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज आयोजित ब्रह्मस्थानम महोत्सव में शिरकत कर परम पूज्य माता अमृतानंदमयी देवी (अम्मा) का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण को समर्पित 'अमृता श्री स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम' का औपचारिक शुभारंभ भी किया।
अम्मा के सेवा और करुणा के संदेश को किया नमन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने माता अमृतानंदमयी देवी (अम्मा) द्वारा समाज के प्रति किए जा रहे कार्यों की सराहना की और उनके निःस्वार्थ सेवा व करुणा के संदेश को नमन किया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक मूल्यों के साथ-साथ समाज के वंचित वर्गों और महिलाओं के उत्थान के लिए ऐसे प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक हैं।
21 राज्यों में लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
मुख्यमंत्री द्वारा शुभारंभ किए गए 'अमृता श्री स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम' का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनाना है। इस व्यापक पहल के माध्यम से देश के 21 राज्यों में 15,000 से अधिक स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के जरिए लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम महिलाओं को रोजगार, कौशल विकास और वित्तीय स्वतंत्रता के नए अवसर प्रदान करने में अहम भूमिका निभा रहा है।
कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित
ब्रह्मस्थानम महोत्सव के इस पावन अवसर पर नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक शिखा रॉय और विधायक गजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में अन्य गणमान्य व्यक्ति व श्रद्धालु उपस्थित रहे।