'राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम', सीएम रेखा गुप्ता ने सिविल सेवा परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'दिल्ली के गौरव – UPSC Achievers Felicitation Ceremony 2026' में सिविल सेवा परीक्षा के सफल अभ्यर्थियों ...और पढ़ें
-1774095049603_m.webp)
सीएम रेखा गुप्ता ने यूपीएससी सफल अभ्यर्थियों को किया सम्मानित
HighLights
मुख्यमंत्री ने यूपीएससी सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित किया।
कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और परिवार के त्याग की सराहना।
जनसेवा व राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने का आह्वान।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम “दिल्ली के गौरव – UPSC Achievers Felicitation Ceremony 2026” में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी सफल उम्मीदवारों को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए स्मृति चिन्ह प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प की सराहना
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अभ्यर्थियों की अथक मेहनत और अडिग संकल्प की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इन युवाओं की सफलता ने न केवल उनके परिवारों का, बल्कि पूरी दिल्ली का मान बढ़ाया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह सफलता दिल्ली की उस संभावनाओं और अवसरों से भरी जीवंत संस्कृति का प्रतिबिंब है, जो युवाओं के बड़े सपनों को न केवल दिशा देती है, बल्कि उन्हें साकार करने के लिए एक मजबूत मंच भी प्रदान करती है।
अभिभावकों के त्याग को नमन
मुख्यमंत्री ने इस यात्रा में सफल अभ्यर्थियों के माता-पिता और परिवारजनों के योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने अभिभावकों को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि परिवार का सहयोग, अटूट विश्वास और त्याग ही वह नींव है, जिसके कारण आज इन युवाओं ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरे परिवार की सामूहिक तपस्या का परिणाम है।
राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का संकल्प
भविष्य की चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ये नए अधिकारी पूर्ण संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे जनसेवा को अपना प्राथमिक लक्ष्य बनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि इन अधिकारियों की कार्यशैली से समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विकास की पहुँच सुनिश्चित होगी।
