'स्वच्छ दिल्ली अभियान' में साथ नजर आएगी केंद्र और दिल्ली सरकार
पीएम मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छ दिल्ली अभियान रविवार से शुरू होगा। दिल्ली में 22 से 30 नवंबर तक दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम मिलकर दिल्ली को साफ बनाने की पहल करेंगे अभियान में केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम पहली बार कोई साझा
नई दिल्ली। पीएम मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छ दिल्ली अभियान रविवार से शुरू होगा। दिल्ली में 22 से 30 नवंबर तक दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम मिलकर दिल्ली को साफ बनाने की पहल करेंगे अभियान में केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम पहली बार कोई साझा प्रयास करते हुए दिखाई देंगे।
अभियान का उद्घाटन केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू करेंगे
सुबह साढ़े दस बजे इस अभियान का उद्घाटन केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू करेंगे। इस मौके पर सीएम अरविन्द केजरीवाल, डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और दिल्ली के तीनों नगर निगमों के मेयर भी मौजूद रहेंगे। इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वच्छ दिल्ली मोबाइल एेप गत सोमवार को लांच किया जा चुका है। इस एेप की खासियत यह है कि इसमें आपको केवल कूड़े या मलबे का फोटो खींचकर भेजना होता है और उसकी लोकेशन खुद सरकार अपने आप पता कर लेती है। यानी अभी तक जो शिकायतें एेप के जरिये आई हैं उनको रविवार से निपटाने का काम दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम करेंगी।
साफ होगी दिल्ली
खुद सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर दावा किया था कि स्वच्छ दिल्ली एेप लांच होने के 24 घंटे में 2200 से ज्यादा शिकायतें सरकार के पास आ गईं। इस अभियान के तहत दिल्ली सरकार और नगर निगम में जो समझ बनी है उसके मुताबिक कूड़े की शिकायत का निपटारा नगर निगम और मलबे की शिकायत का जिम्मा दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी विभाग का होगा।