CJP Protest LIVE: CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में अलर्ट, 23 हजार पुलिसकर्मी तैनात; मेट्रो स्टेशन बंद और ट्रेनें रद
Delhi Protest LIVE: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के लिए प्रदर्शन का आह्वान किया है। हालांकि दिल्ली पुलिस से उन्हें प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली है।

दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था।
सीजेपी के 10 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कमर कस ली है। अपने पुराने अनुभव से सबक लेते हुए दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। एक ओर जहां पुलिस ने एनडीएमसी एरिया की किलेबंदी कर दी है, वहीं राजधानी की हर सीमा पर भी कड़ा पहरा है। दिल्ली आने व दिल्ली से जाने वाली कई ट्रेनें रद करने के साथ ही दिल्ली मेट्रो के 52 मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए गए हैं।
अचानक पुलिस देख परिवारों में असमंजस
नोएडा में नेताओं के घर अचानक पुलिस के पहुंचने से नेताओं और उनके परिजनों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि पुलिस ने सख्ती को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की। उधर, समाजवादी पार्टी के नोएडा महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता ने सपा नेता तनवीर हुसैन, देवपाल, मुन्ना आलम, मनोज प्रजापति, गणेश कुमार, संजीव को हाउस अरेस्ट करने पर नाराजगी जताई।
नोएडा में कांग्रेस-सपा नेता नजरबंद, घर पहुंची पुलिस
दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के 10 अक्टूबर को होने वाले प्रस्तावित प्रदर्शन और मार्च को देखते हुए नोएडा पुलिस को भी पूरी तरह से अलर्ट पर रखा गया है। दिल्ली-नोएडा सीमा पर नजर रखी जा रही है। शुक्रवार को नोएडा पुलिस ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के घर पुलिस पहुंच गई। आरोप है कि नेता और कार्यकर्ता अपने रोजमर्रा के काम के लिए निकलने की तैयारी कर रहे थे, तभी पुलिस ने उनके घर पहुंचकर उन्हें बाहर जाने से रोक दिया।
आज रात 8 बजे राष्ट्रपति से मिलेगा विपक्ष
विपक्ष के नेता आज रात 8 बजे राष्ट्रपति से मिलेंगे और एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर उनकी जो मांग है वो उनके सामने रखेंगे।
Delhi Protest LIVE: दिल्ली पुलिस ने लिखा खुला खत

दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर के प्रदर्शन से पहले नागरिकों को खुला खत लिखा है।
'प्रिय नागरिक,
आपकी आवाज़ आपका हक है, और आपकी सुरक्षा हमारा फर्ज।
यूनिफॉर्म के पीछे भी एक इंसान है, जिसका अपना परिवार है, अपने लोग हैं।
फ़र्क सिर्फ यूनिफॉर्म का है, इंसानियत का नहीं।
सदा आपके साथ, दिल्ली पुलिस'
CJP Protest LIVE : सुप्रीम कोर्ट पहुंचे तीन वकील
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल के साथ अभिषेक मनु सिंघवी और प्रशांत भूषण ट्रेनों के कैंसिल होने और 57 मेट्रो स्टेशन बंद होने तथा दिल्ली में इंटरनेट सेवा सस्पेंड के मामले को लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश के पास पहुंचे हैं।
7 अक्टूबर को मिला था CJP लेटर
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर को सीजेपी नेता सौरभ दास की तरफ से एक लेटर मिला था, जिसमें लिखा था कि वो 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट करेंगे। दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह लेटर करीब 10 दिन पहले देना चाहिए था और पहले भी प्रोटेस्ट के दौरान नियमों का पालन नहीं किया गया था। उन्होंने लिखकर भी दिया था कि नियमों का पालन नहीं किया गया था। लिहाजा उन्हें इसकी परमिशन नहीं दी गई।
नई दिल्ली में धारा 163 लागू
नई दिल्ली में बीएनएस की धारा 163 लागू कर दी गई है। इसके तहत पांच से अधिक लोगों का किसी जगह इकट्ठा होना, कोई जुलूस निकालना या प्रदर्शन करना आदि मना होता है।
