विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटियाला हाउस और राउज एवेन्यू कोर्ट में 10 अक्टूबर को वर्चुअल सुनवाई, CJP protest के चलते दिल्ली HC का आदेश

Published: Fri, 09 Oct 2026 06:15 PM (IST)

दिल्ली हाई कोर्ट ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर 10 अक्टूबर को पटियाला हाउस ...और पढ़ें

दिल्ली की दो कोर्ट में होगी वर्चुअल सुनवाई। फोटो: आर्काइव

दिल्ली की दो कोर्ट में होगी वर्चुअल सुनवाई। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. पटियाला हाउस और राउज एवेन्यू कोर्ट में 10 अक्टूबर को वर्चुअल सुनवाई

  2. मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर यह निर्णय

  3. दिल्ली की अन्य सभी जिला अदालतें सामान्य रूप से खुली रहेंगी

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर दिल्ली हाई कोर्ट ने 10 अक्टूबर को पटियाला हाउस और राउज एवेन्यू कोर्ट में सभी मामलों की सुनवाई वर्चुअल माध्यम से करने का निर्देश दिया है।

हालांकि, दिल्ली की सभी जिला अदालतें शनिवार को खुली रहेंगी और सामान्य रूप से काम करेंगी।

दो कोर्ट कॉम्प्लेक्स में ऑनलाइन सुनवाई

हाई कोर्ट की ओर से शुक्रवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, पटियाला हाउस और राउज एवेन्यू कोर्ट कॉम्प्लेक्स में सभी सिविल और आपराधिक मामलों की सुनवाई वर्चुअल मोड में होगी।

इन दोनों कोर्ट कॉम्प्लेक्स में तैनात जो न्यायिक अधिकारी अदालत नहीं पहुंच पाएंगे, वे भी वर्चुअल माध्यम से कार्यवाही कर सकेंगे।

पेश नहीं होने पर नहीं होगा प्रतिकूल आदेश

हाई कोर्ट ने दिल्ली की सभी जिला अदालतों को निर्देश दिया है कि किसी मामले में वादी, आरोपी, वकील या गवाह के पेश नहीं होने के कारण कोई प्रतिकूल आदेश पारित नहीं किया जाए।

अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि दिल्ली की सभी जिला अदालतों में विचाराधीन कैदियों को केवल वर्चुअल माध्यम से पेश किया जाएगा।

सभी जिला अदालतें रहेंगी खुली

हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि 10 अक्टूबर को दिल्ली की सभी जिला अदालतें खुली रहेंगी और कामकाज जारी रहेगा। हालांकि, पटियाला हाउस और राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई की व्यवस्था वर्चुअल रहेगी।

यह भी पढ़ें- 10 अक्टूबर को बंद रहेगा दिल्ली का दिल 'कनॉट प्लेस', CJP Protest पर व्यापारियों का फैसला; PM को पत्र