10 दिन में बदबू खत्म करें नहीं तो बंद होगा कंपोस्ट प्लांट : केजरीवाल
कोरोना वायरस के मद्देनजर एक लंबे अंतराल के बाद शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र नई दिल्ली का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और एनडीएमसी (नई दिल्ली नगरपालिका परिषद) के अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल निवारण के आदेश दिए। इसके साथ ही केजरीवाल ने गोल मार्केट स्थित सेक्टर-4 में स्थापित एनडीएमसी के कंपोस्ट प्लांट का दौरा भी किया। यहां लोगों ने शिकायत की कि प्लांट से बदबू आती है और मच्छर व मक्खियों से वे परेशान हैं। केजरीवाल ने स्थानीय लोगों को इस समस्या का शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :
एक लंबे अंतराल के बाद शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र नई दिल्ली का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और एनडीएमसी (नई दिल्ली नगरपालिका परिषद) के अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल निवारण के आदेश दिए। इसके साथ ही केजरीवाल ने गोल मार्केट स्थित सेक्टर-4 में स्थापित एनडीएमसी के कंपोस्ट प्लांट का दौरा भी किया। यहां लोगों ने शिकायत की कि प्लांट से बदबू आती है और मच्छर व मक्खियों से वे परेशान हैं।
मुख्यमंत्री ने इस समस्या के निवारण के लिए एनडीएमसी के अधिकारियों को 10 दिन का समय दिया है। उन्होंने कहा कि यदि समस्या खत्म नहीं होती है तो इस प्लांट को बंद कर देंगे। उन्होंने इस बाबत ट्वीट कर भी जानकारी दी।
दरअसल, एनडीएमसी ने करीब एक साल पहले नर्सरी में कंपोस्ट प्लांट लगाया था। इस प्लांट में गीले कूड़े को लाया जाता है और उससे खाद बनाई जाती है। इस प्लांट से काफी बदबू आती है। इससे गोल मार्केट स्थित सेक्टर-4 के ब्लॉक संख्या 39 से 69 के लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं। इस बाबत उन्होंने अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
गोल मार्केट के सेक्टर-4 में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की सभी आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान आरडब्ल्यूए ने पेयजल की कमी, बिजली कटौती और पेड़ों की छटाई नहीं होने की समस्या रखी। मुख्यमंत्री ने तीनों समस्याओं को संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारित करने का निर्देश दिया। इस मौके पर गोल मार्केट सेक्टर-4, टाइप-2 आरडब्ल्यूए के सचिव सतीश कुमार यादव व गोल मार्केट सेक्टर-4, टाइप-1 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष जया नंद ध्यानी भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि वे लोग काफी समय से कंपोस्ट प्लांट से आने वाली बदबू से परेशान हैं। मुख्यमंत्री जी ने हमारी कई समस्याएं सुनी हैं और उसके निदान का आश्वासन दिया है।