गर्व का पल: अब यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल होगा छठ महापर्व, भारत और मॉरीशस ने मिलाया हाथ
छठ महापर्व जल्द ही यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल होने वाला है, जिसके लिए भारत ने मॉरीशस ...और पढ़ें
-1794727972151_m.webp)
छठ महापर्व। जागरण
HighLights
छठ महापर्व यूनेस्को की अमूर्त विरासत सूची में शामिल होगा।
भारत ने मॉरीशस के साथ मिलकर संयुक्त प्रस्ताव पेश किया।
यह पर्व प्रकृति संरक्षण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देता है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आज देश-दुनिया में आस्था के महापर्व छठ पूजा की धूम है। सांध्यकाल में करोड़ों व्रती नदी घाटों, तालाबों और जलाशयों के तट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे।
लोक आस्था के इस अद्वितीय दृश्य के बीच, पूर्वांचल, बिहार, झारखंड और देश के कोने-कोने से एक बेहद उत्साहजनक और गर्व से भर देने वाली खबर है- जल्द ही हमारा आपका छठ महापर्व यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने जा रहा है। यूनेस्को के नियमों के अनुसार, द्विवार्षिक चक्र के तहत इस पर अंतिम मुहर दिसंबर 2027 की बैठक में लगने की पूरी संभावना है।
विश्व में अपनी महक बिखेर रहा
विशेष कि आज जब डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देकर व्रती अपनी साधना पूरी करेंगे, तो यह विश्वास और अधिक दृढ़ होगा है कि हमारी संस्कृति की जड़ें जितनी गहरी हैं, उसका विस्तार अब पूरे विश्व में अपनी महक बिखेर रहा है।
सूर्य देव और देवी छठी मैया को समर्पित छठ महापर्व भारत के सबसे पुराने त्योहारों में से एक है, जो बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और मारीशस, फिजी, सूरीनाम, संयुक्त अरब अमीरात और नीदरलैंड में रहने वाले प्रवासी समुदायों में व्यापक रूप से मनाया जाता है।
वहीं, अपने पर्यावरण-अनुकूल और समतावादी मूल्यों के लिए प्रसिद्ध यह त्योहार प्रकृति के प्रति श्रद्धा, स्थिरता, समावेशिता और सामुदायिक भावना को बढ़ावा देता है। इसमें जाति, पंथ और धर्म की कोई सीमा नहीं है, और अनुष्ठानों में सादगी, भक्ति और आत्म-अनुशासन पर जोर दिया जाता है।
भारत ने पहली बार ऐसा किया
यह पहला अवसर है, जब भारत ने किसी अन्य देश (मॉरीशस) के साथ मिलकर किसी सांस्कृतिक परंपरा के लिए यूनेस्को में संयुक्त प्रस्ताव पेश किया है। पिछले वर्ष से शुरू इस वैश्विक पहल को मजबूत समर्थन सूरीनाम, फिजी, नीदरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जैसे देशों में बसे प्रवासी भारतीयों से भी मिला है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम में इस ऐतिहासिक प्रयास का जिक्र किया था। इसके बाद संस्कृति मंत्रालय, संगीत नाटक अकादमी और इंटेक ने मिलकर इसका विस्तृत दस्तावेजीकरण तैयार किया, जिसे यूनेस्को के सचिवालय ने स्वीकार कर लिया है।
यूनेस्को की अमूर्त धरोहर में इस तरह शामिल होगी छठ
यूनेस्को की चयन प्रक्रिया बेहद कड़े मानदंडों पर आधारित होती है। भारत ने 2024-25 चक्र के लिए दीपावली को नामित किया था (जिसे दिसंबर 2025 में मान्यता मिली), और अब 2027 के चक्र के लिए छठ पूजा को आधिकारिक रूप से भेजा गया है। छठ पूजा को इस वैश्विक सम्मान के योग्य बनाने वाले प्रमुख आधार निम्नलिखित हैं।
प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण
यह पर्व किसी मूर्ति पूजा या दिखावे पर आधारित नहीं है, बल्कि सीधे तौर पर नदियों, तालाबों, उगते और डूबते सूर्य यानी प्रकृति की आराधना है। इसमें बांस के सूप, मिट्टी के चूल्हे-बर्तन और स्थानीय मौसमी फलों का उपयोग होता है जो पूरी तरह पर्यावरण-अनुकूल हैं।
सामाजिक समरसता और समानता
इस महापर्व की सबसे बड़ी खूबी इसकी लोकतांत्रिक और समतावादी भावना है। यहां जाति, वर्ग, ऊंच-नीच या धर्म का कोई भेद नहीं होता। एक ही घाट पर समाज के सभी वर्ग के लोग कंधे से कंधा मिलाकर सूर्योपासना करते हैं।
यूनेस्को की सूची में भारत की अन्य सांस्कृतिक धरोहरें
जब छठ पूजा यूनेस्को की इस सूची में शामिल होगी, तो यह भारत की सांस्कृतिक गरिमा को और बढ़ाएगी। वर्तमान में भारत की कई अन्य अमूर्त सांस्कृतिक धरोहरें इस वैश्विक सूची की शोभा बढ़ा रही हैं।
- दुर्गा पूजा (पश्चिम बंगाल) – (वर्ष 2021 में शामिल)
- गरबा नृत्य (गुजरात)– (वर्ष 2023 में शामिल)
- कुंभ मेला – (वर्ष 2017 में शामिल)
- दीपावली– (हाल ही में 2025 के चक्र में मान्यता प्राप्त)
- योग – (वर्ष 2016 में शामिल)
यूनेस्को मान्यता मिलने से यह होंगे बड़े लाभ
मिलेगी वैश्विक पहचान और पर्यटन को बढ़ावा: इस अंतरराष्ट्रीय दर्जे से बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पूरे देश की लोक-संस्कृति दुनिया के पटल पर चमक उठेगी। इससे सांस्कृतिक पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा।
संरक्षण और वैश्विक शोध को मिलेगी गति: यूनेस्को की सूची में आने से इस प्राचीन परंपरा के संरक्षण, दस्तावेजीकरण और इस पर वैश्विक स्तर पर अकादमिक शोध के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं फंड का मार्ग प्रशस्त होगा।
यह भी पढ़ें- छठ महापर्व: 11 करोड़ लोगों की आस्था से बाजार में रौनक, 65000 करोड़ पार पहुंचा कारोबार का आंकड़ा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।