विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली चावड़ी बाजार हादसा: मलबे से एक और शव मिला, मरने वालों की संख्या हुई 7 की मौत

Published: Sun, 08 Nov 2026 11:52 AM (IST)

पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन मकान ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है, रविवार ...और पढ़ें

दिल्ली चावड़ी बाजार हादसा। जागरण

दिल्ली चावड़ी बाजार हादसा। जागरण

HighLights

  1. चावड़ी बाजार हादसे में मरने वालों की संख्या सात हुई।

  2. रविवार को मलबे से एक और शव बरामद किया गया।

  3. हादसे के तीन ठेकेदार गैर इरादतन हत्या में गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार स्थित गली शीश महल में तीन मंजिला निर्माणाधीन मकान ढहने के हादसे में रविवार को एक और शव बरामद किया गया। अब तक कुल सात लोगों के शवों को निकाला जा चुका है। 

वहीं, शनिवार को मलबे से दो श्रमिकों के शव बरामद हुए थे। लगातार तीसरे दिन चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान शव मिलने के बाद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।

रविवार को मिले मृतक की पहचान लुच्चुमन मुखिया (66 वर्ष), निवासी गांव जकौली, पोस्ट बाथो, जकौली, जिला दरभंगा, बिहार के रूप में हुई है।

शनिवार को मिले मृतकों में एक की पहचान बिहार के खगड़िया जिले के हनुमान नगर गांव के पंकज शर्मा के रूप में हुई है, जबकि दूसरे श्रमिक की पहचान अभी नहीं हो सकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को एलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मकान के भूतल पर अभी भी तीन से चार श्रमिकों के शव दबे होने की आशंका है। ऐसे में मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। शनिवार को भी एनडीआरएफ और नगर निगम की टीमें मलबा हटाने और उसमें दबे लोगों की तलाश में जुटी रहीं।

WhatsApp Image 2026-11-05 at 12.51.34

घटनास्थल तक पहुंचने वाली गलियां बेहद संकरी होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। मलबे को मशीनों के बजाय छोटे उपकरणों और ट्रालियों की मदद से बाहर निकालना पड़ रहा है। इसके चलते रेस्क्यू आपरेशन में समय लग रहा है।

गुरुवार सुबह भरभराकर गिरा था मकान

गली शीश महल में गुरुवार सुबह करीब 9:48 बजे तीन मंजिला निर्माणाधीन मकान अचानक भरभराकर गिर गया था। हादसे के समय मकान में कई श्रमिक निर्माण कार्य कर रहे थे। देखते ही देखते पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया और श्रमिक उसके नीचे दब गए।

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल, एनडीआरएफ और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। पहले दिन मलबे से दो श्रमिकों के शव निकाले गए थे, जबकि पांच अन्य घायल मिले थे। इनमें से दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

तीन ठेकेदार हो चुके हैं गिरफ्तार

हादसे के बाद हौज काजी थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे तीन ठेकेदारों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने तीनों को फरीदाबाद जिले की धौज तहसील के सिरोही गांव से पकड़ा था।

आरोपियों की पहचान अजमेरी गेट के सिराज, ताजुद्दीन और फुरकान के रूप में हुई थी। तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।