विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नलों से निकल रहा 'खून जैसा' लाल पानी, दिल्ली के चावड़ी बाजार में मचा हड़कंप; 1000 परिवारों की सेहत पर खतरा

Published: Fri, 08 May 2026 08:35 AM (IST)

चावड़ी बाजार के चरखीवालन चौक के पास घरों के नलों से अचानक लाल पानी आने से स्थानीय निवासी चिंतित हैं। ...और पढ़ें

दिल्ली की चावड़ी बाजार में नलों से निकला लाल पानी। फोटो: जागरण

दिल्ली की चावड़ी बाजार में नलों से निकला लाल पानी। फोटो: जागरण

HighLights

  1. चरखीवालन में नलों से अचानक लाल पानी की आपूर्ति

  2. 500 से अधिक परिवारों में स्वास्थ्य संबंधी चिंता बढ़ी

  3. विधायक ने जांच और समस्या समाधान का आश्वासन दिया

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। चावड़ी बाजार स्थित चरखीवालन चौक के नजदीक स्थित घरों के नलों से अचानक लाल पानी निकलता देख स्थानीय निवासी हैरान रह गए।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इलाके में पिछले कुछ दिनों से पानी की किल्लत बनी हुई है और बृहस्पतिवार की शाम को जब इलाके में पानी की आपूर्ति शुरू हुई तो नलों से लाल पानी निकलने लगा। घरों में हो रहे लाल पानी की आपूर्ति ने स्थानीय निवासी की चिंता बढ़ा दी।

एक सप्ताह से ठप है जलापूर्ति

स्थानीय निवासी निखिल रस्तोगी ने बताया कि इस इलाके में गर्मी शुरू होने के साथ ही पानी की समस्या शुरू हो जाती है। क्षेत्र में पानी की आपूर्ति जल बोर्ड के सुभाष नगर पार्क स्थित प्लांट से होती है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से पानी सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है।

निखिल के अनुसार सुभाष नगर पार्क के पास वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी लगा है, लेकिन आज तक कभी घरों में ऐसे पानी की आपूर्ति नही हुई है। शाम को अचानक जब नलों को खोला गया, तो उसमें से साफ पानी की जगह गहरा लाल पानी निकलने लगा।

चरखी वालन चौक के पास करीब 1000 परिवार रहते हैं। सभी घरों के नलों में शाम को लाल रंग के पानी की आपूर्ति हुई है। उससे इलाके में स्वास्थ्य संबंधी समस्या फैलने का खतरा बना हुआ है। फिलहाल, स्थानीय लोग पानी के टैंकरों और बोतलबंद पानी पर निर्भर हैं।

इस संबंध में अभी मेरे पास स्थानीय निवासी की ओर से कोई शिकायत नहीं आई है, लेकिन अगर घरों में लाल रंग के पानी की सप्लाई हो रही है तो पानी की जांच करवाई जाएगी और समस्या का समाधान किया जाएगा।

- इमरान हुसैन, विधायक- बल्लीमरान विधानसभा।

यह भी पढ़ें- 5 राज्यों में दिल्ली पुलिस का महा-एक्शन, 48 घंटे, 1014 रेड और 482 गिरफ्तार; ऑपरेशन गैंग बस्ट से थर्राए बदमाश