CBSE Board Exam: 10वीं-12वीं के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, 23 अक्टूबर तक बिना लेट फीस भर लें फॉर्म
सीबीएसई ने साल 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्राइवेट छात्रों के रूप में शामिल होने के लिए ...और पढ़ें

2027 की बोर्ड परीक्षा में बैठने के लिए 23 अक्टूबर तक भरें फॉर्म
HighLights
2027 बोर्ड परीक्षा के लिए प्राइवेट छात्रों के आवेदन शुरू हो गए हैं
बिना देरी शुल्क के 23 अक्टूबर तक आवेदन करें
देरी से आवेदन करने पर दो हजार रुपये विलंब शुल्क लगेगा
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में प्राइवेट छात्र के रूप में शामिल होने वालों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्र 23 अक्टूबर तक बिना अतिरिक्त शुल्क के फार्म भर सकते हैं।
इसके बाद 24 से 30 अक्टूबर तक दो हजार रुपये विलंब शुल्क देना होगा। आवेदन केवल सीबीएसई की वेबसाइट पर किया जा सकेगा।
2021-26 वाले फेल हुए छात्र करें आवेदन
बोर्ड के अनुसार, इस परीक्षा में साल 2021 से 2026 के बीच अनुत्तीर्ण हुए छात्र और एसेंशियल रिपीट घोषित छात्र परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। साल 2026 की मुख्य या पूरक परीक्षा में कंपार्टमेंट पाने वाले छात्र भी आवेदन कर सकेंगे।
इसके अलावा, 2026 में 10वीं या 12वीं पास कर चुके छात्र अपने अंकों में सुधार के लिए एक या अधिक विषयों की परीक्षा दे सकते हैं। चिकित्सा कारणों से 2026 की परीक्षा में शामिल नहीं हो सके नियमित छात्रों को भी मौका दिया गया है। हालांकि, कम उपस्थिति के कारण परीक्षा नहीं दे सके छात्र आवेदन नहीं कर सकेंगे।
प्रति विषय 320 रुपये शुल्क
परीक्षा के लिए प्रति विषय 320 रुपये शुल्क देना होगा। 12वीं में प्रायोगिक विषय लेने वाले छात्रों को प्रति विषय 160 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। शुल्क का भुगतान इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआइ या डेबिट-क्रेडिट कार्ड से किया जा सकेगा।
परीक्षा 2027 के पाठ्यक्रम के आधार पर होगी और छात्रों को नया अनुक्रमांक दिया जाएगा। फार्म भरते समय पिछले छह माह में खींची गई रंगीन पासपोर्ट आकार की तस्वीर और हस्ताक्षर की प्रति अपलोड करनी होगी। छात्र अंतिम तिथि तक फार्म में विषय और परीक्षा केंद्र के शहर सहित अन्य जानकारियां सुधार सकेंगे।
हालांकि, शहर आवंटित होने के बाद उसे बदला नहीं जा सकेगा। दिल्ली से बाहर परीक्षा केंद्र पाने वाले छात्रों को प्रवेश पत्र वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा। अंकतालिका और प्रमाणपत्र डाक से भेजे जाएंगे।
यह भी पढ़ें- CBSE क्लास 10th-12th प्राइवेट स्टूडेंट्स के लिए आवेदन स्टार्ट, बिना लेट फीस इस डेट तक भर सकते हैं एग्जाम फॉर्म
