NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंची CBI, आरोपी मनीषा गुरुनाथ मंढारे की मांगेगी रिमांड
नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई की टीम आरोपी मनीषा गुरुनाथ मंढारे को लेकर राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंची ...और पढ़ें

आरोपी मनीषा गुरुनाथ मंढारे। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई की टीम आज रविवार को राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंची।
शुक्रवार को गिरफ्तार की गई आरोपी मनीषा गुरुनाथ मंढारे को आज राउस एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जा रहा है। सीबीआई कोर्ट से उसकी रिमांड मांगेगी।
निशाने पर एनटीए के अधिकारी
नीट यूजी पेपर लीक मामले में केमिस्ट्री का पेपर लीक करने वाले लेक्चरर पीवी कुलकर्णी के बाद सीबीआई ने बायोलाजी का पेपर लीक करने वाली लेक्चरर मनीषा गुरुनाथ मंढारे को भी गिरफ्तार किया था। दोनों पुणे के रहने वाले हैं।
कुलकर्णी की तरह बोटनी (वनस्पति विज्ञान) की लेक्चरर मनीषा गुरुनाथ ने भी पूर्व में गिरफ्तार आरोपी मनीषा बाघमारे के घर पर स्पेशल क्लास में छात्रों को बोटनी और जूलाजी दोनों के प्रश्नपत्र व उत्तर बताए थे, जोकि बाद में नीट परीक्षा में हूबहू आए।
यह भी पढ़ें- Teacher ही बन गई Cheater... कौन हैं मनीषा गुरुनाथ मंधारे, जिनकी नीट पेपर लीक में हुई गिरफ्तारी?
वहीं, इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की जांच नीट परीक्षा आयोजित करने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के शीर्ष अधिकारियों पर टिक गई है।
सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, कुलकर्णी व मंढारे की गिरफ्तारी के बाद नीट का पेपर पुणे, नासिक, गुरुग्राम होते हुए जयपुर तक पहुंचने और बाद में वाट्सएप, टेलीग्राम चैनल तक पहुंचने की कड़ियां खुल गई हैं और उनमें शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब इस बात का पता लगाया जा रहा है कि कुलकर्णी और मंढारे को ये पेपर किसने दिए?
सीबीएसई, जेईई, नीट समेत तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सभी विषयों के प्रश्नपत्र तैयार करने के लिए पूरे देश से शिक्षकों के पैनल बनाने का प्रोटोकाल है।
हर विषय के 100-150 शिक्षकों द्वारा अलग-अलग तैयार प्रश्नों को मिलाकर अंतिम प्रश्न पत्र तैयार किया जाता है। यानी किसी भी शिक्षक को यह नहीं पता होता है कि उसका कौन सा प्रश्न अंतिम प्रश्नपत्र में शामिल होगा। लेकिन कुलकर्णी व मंढारे के पास केमेस्ट्री, बायोलाजी के सारे प्रश्न थे, जिन्हें उन दोनों ने मनीषा बाघमारे के घर पर छात्रों को बताया।
