क्या ट्रायल में देरी पर अजमल कसाब या हाफिज सईद को भी मिल सकती है बेल? SC के फैसले पर दिल्ली पुलिस का सवाल
दिल्ली दंगे साजिश मामले में यूएपीए के तहत बंद तस्लीम अहमद और खालिद सैफी की जमानत याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। दिल्ली पुलिस ने ट्रायल में देरी के आधार पर जमानत देने पर सवाल उठाते हुए अजमल कसाब और हाफिज सईद का उदाहरण दिया

अंद्राबी मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर दिल्ली पुलिस ने उठाया सवाल। फोटो: सांकेतिक
HighLights
दिल्ली दंगे यूएपीए जमानत पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
दिल्ली पुलिस ने ट्रायल में देरी पर जमानत का विरोध किया
सुप्रीम कोर्ट ने यूएपीए जमानत पर फैसला सुरक्षित रखा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली दंगे बड़ी साजिश मामले में यूएपीए के तहत जेल में बंद तस्लीम अहमद और खालिद सैफी की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट में ट्रायल में देरी के आधार पर जमानत देने को लेकर अहम बहस हुई।
दिल्ली पुलिस ने अदालत में सवाल उठाया कि क्या केवल सुनवाई में देरी के आधार पर किसी भी आरोपी को जमानत दी जा सकती है? जस्टिस Aravind Kumar और जस्टिस Prasanna B Varale की बेंच ने सुनवाई के दौरान अंतरिम जमानत देने के संकेत दिए।
साथ ही अदालत ने इस मुद्दे पर फैसला सुरक्षित रख लिया कि यूएपीए मामलों में ट्रायल में देरी के आधार पर जमानत को लेकर अलग-अलग फैसलों के चलते क्या मामले को बड़ी बेंच को भेजा जाए।
दिल्ली पुलिस ने अंद्राबी फैसले पर जताई आपत्ति
दिल्ली पुलिस की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने अदालत में कहा कि हाल ही में सयैद इफ्तिकार अंद्राबी के फैसले में ट्रायल में देरी को जमानत का आधार मानने के तरीके पर पुनर्विचार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केवल देरी के आधार पर जमानत देना गंभीर मामलों में गलत मिसाल बन सकता है।
उन्होंने कहा कि यूएपीए की धारा 43D(5) के तहत जमानत के लिए कड़े प्रावधान बनाए गए हैं और हर मामले में आरोपी की भूमिका और अपराध की गंभीरता को देखना जरूरी है।
अजमल कसाब और हाफिज सईद का उदाहरण
सुनवाई के दौरान एएसजी ने अदालत में कहा, अगर ट्रायल में देरी खुद आरोपी की वजह से हो तो क्या होगा? अजमल कसाब मामले में बड़ी संख्या में गवाह थे, क्या उसे भी देरी के आधार पर जमानत मिलती?
अगर हाफिज सईद को पाकिस्तान से भारत लाया जाए, तो क्या उसे भी ट्रायल में देरी के आधार पर जमानत दे दी जाएगी? दिल्ली पुलिस ने दलील दी कि अंद्राबी फैसले में आरोपी की भूमिका पर पर्याप्त विचार किए बिना केवल ट्रायल में देरी को आधार बनाया गया।
बचाव पक्ष ने मांगी समानता के आधार पर राहत
खालिद सैफी की ओर से वरिष्ठ वकील रेबेका एम जॉन ने कहा कि उनके खिलाफ मुख्य तौर पर सीएए विरोधी प्रदर्शनों से जुड़े कुछ वॉट्सऐप चैट्स का हवाला दिया गया है।
न्होंने कहा कि जिन अन्य आरोपियों से सैफी का नाम जोड़ा गया है, उन्हें पहले ही जमानत मिल चुकी है, इसलिए समानता के आधार पर राहत मिलनी चाहिए। वहीं तस्लीम अहमद की ओर से अधिवक्ता महमूद पराचा ने कहा कि उनके मुवक्किल की भूमिका बेहद सीमित बताई गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित
सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आदेश शुक्रवार या सोमवार तक जारी किया जा सकता है। सुनवाई के दौरान अदालत ने यह भी संकेत दिया कि याचिकाकर्ताओं को अंतरिम राहत मिल सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।