क्या अब धीमी हो सकेगी खतरनाक ब्रेन ट्यूमर की रफ्तार? AIIMS के डॉक्टरों ने शुरू की रिसर्च; नई उम्मीद जगी
एम्स के डॉक्टर ग्लियोब्लास्टोमा ब्रेन ट्यूमर की वृद्धि धीमी करने के लिए गामा नाइफ रेडियोसर्जरी और बेवासिजुमैब दवा के संयोजन पर शोध कर रहे हैं।

एम्स के डॉक्टरों ने ब्रेन ट्यूमर की रफ्तार रोकने पर रिसर्च शुरू की है। फोटो: सांकेतिक
HighLights
एम्स ग्लियोब्लास्टोमा ब्रेन ट्यूमर की वृद्धि धीमी करने पर शोध।
गामा नाइफ रेडियोसर्जरी और बेवासिजुमैब का संयोजन ट्यूमर नियंत्रण में सहायक।
सर्जरी की प्रतीक्षा कर रहे मरीजों के लिए नया उपचार विकल्प।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। एम्स के डॉक्टर ब्रेन ट्यूमर ग्लियोब्लास्टोमा की बढ़ोतरी धीमी करने के लिए एक नई तकनीक पर शोध कर रहे हैं। इसमें गामा नाइफ रेडियोसर्जरी के साथ कैंसर की दवा बेवासिजुमैब की कम खुराक दी गई।
आरंभिक लक्षणों के अनुसार यह तरीका ट्यूमर की बढ़ोतरी और उससे जुड़ी सूजन को नियंत्रित करने में मददगार दिखा। इससे सर्जरी के लिए लंबी प्रतीक्षा कर रहे मरीजों को उपचार का विकल्प मिल सकेगा।
सर्जरी की प्रतीक्षा के दौरान उपचार की संभावना
एम्स के न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रोफेसर और शोध के नेतृत्वकर्ता डा. दीपक अग्रवाल के अनुसार सरकारी अस्पतालों में मरीजों की अधिक संख्या के कारण सर्जरी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।
कई बार बीमारी की पहचान से सर्जरी तक का समय तीन महीने से भी अधिक हो जाता है।
ग्लियोब्लास्टोमा जैसे तेजी से बढ़ने वाले ट्यूमर में 90 दिन का विलंब भी मरीज की स्थिति को गंभीर बना सकता है। ऐसे में सर्जरी से पहले ही उपचार शुरू करने की संभावना तलाशना महत्वपूर्ण है।
ट्यूमर की रक्त आपूर्ति और सूजन कम करने पर जोर
इसमें गामा नाइफ रेडियोसर्जरी के साथ बेवासिजुमैब की कम खुराक दी गई। शोधकर्ताओं के अनुसार यह दवा ट्यूमर को होने वाली रक्त आपूर्ति और उससे जुड़ी सूजन कम करने में मदद कर सकती है।
इससे आगे चलकर सर्जरी को अधिक सुरक्षित बनाने और ट्यूमर निकालने में सहूलियत मिलने की संभावना है। अध्ययन में सर्जरी से पहले और बाद में इस तरीके के उपयोग की संभावनाओं की भी पड़ताल की गई है।
ग्लियोब्लास्टोमा में औसत जीवन अवधि 14 से 16 महीने
ग्लियोब्लास्टोमा वयस्कों में होने वाले सबसे आक्रामक प्राथमिक कैंसरयुक्त मस्तिष्क ट्यूमर में से एक है। सर्जरी, विकिरण उपचार और कीमोथेरेपी के बावजूद मरीजों के जीवित रहने की औसत अवधि 14 से 16 महीने रहती है।
यह शोध 'अपफ्रंट गामा नाइफ विद कन्कमिटेंट बेवासिजुमैब-ए गेमचेंजर इन ग्लियोब्लास्टोमा मैनेजमेंट' शीर्षक से इंटरडिसिप्लिनरी न्यूरोसर्जरी : एडवांस्ड टेक्नीक्स एंड केस मैनेजमेंट शोध पत्रिका के नवंबर अंक में प्रकाशित हुआ है।
शोध करने वालों में डाॅ. महनाज सुल्ताना अजीम, डा. सतीश कुमार वर्मा और डाॅ. शैलेश गायकवाड़ भी शामिल हैं।
शोधकर्ता अब इस बात का अध्ययन कर रहे हैं कि सर्जरी से पहले उपचार शुरू करने का यह तरीका मरीजों के लिए कितना प्रभावी और सुरक्षित साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में ट्रांसजेंडर परिवारों को सालाना 10 लाख तक कैशलेस इलाज, CM रेखा गुप्ता की कैबिनेट का बड़ा फैसला