AAP सरकार का झटका! दिल्ली में जल्द महंगा हो सकता पानी
अगले सप्ताह जल बोर्ड की बैठक होने वाली है। इसमें पानी की दर को बढ़ाने का प्रस्ताव लाए जाने की तैयारी है। संभावना है कि बोर्ड पानी की दरों में 10 फीसद इजाफा कर सकता है।
नई दिल्ली (रणविजय सिंह)। दिल्ली में जल्द पानी महंगा हो सकता है। दिल्ली जल बोर्ड पानी बिल की दरों की समीक्षा कर रहा है। अगले सप्ताह जल बोर्ड की बैठक होने वाली है। इसमें पानी की दर को बढ़ाने का प्रस्ताव लाए जाने की तैयारी है। संभावना है कि बोर्ड पानी की दरों में 10 फीसद इजाफा कर सकता है।
दिल्ली जल बोर्ड प्रति माह 20,000 लिटर खपत करने वाले उपभोक्ताओं को पानी की मुफ्त आपूर्ति कर रहा है। मौजूदा समय में करीब 22 लाख उपभोक्ता हैं जिनमें से आठ लाख को मुफ्त पानी मिल रहा है।
करीब 14 लाख उपभोक्ता प्रतिमाह 20,000 लिटर से अधिक पानी खपत करते हैं या उनके पानी का मीटर नहीं चलता। इसलिए ये मुफ्त पानी के हकदार नहीं हैं। दरें बढ़ाई जाती हैं तो ये उपभोक्ता ही प्रभावित होंगे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पांच फरवरी को बोर्ड की बैठक बुलाई गई है। इसमें पानी की दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा जाना है। पानी की दरों में हर साल 10 फीसद बढ़ोतरी की जाती है।
पिछले साल भी 10 फीसद वृद्धि हुई थी। इस बार पानी के शोधन व आपूर्ति में लागत को ध्यान में रखते हुए नई दरें तय की जाएंगी। यह बैठक में तय होगा कि कितनी बढ़ोतरी की जाए।