एलके आडवाणी की पत्नी का निधन, अाज होगा अंतिम संस्कार; PM ने जताया दुख
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की पत्नी कमला आडवाणी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। कमला आडवाणी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी की पत्नी कमला आडवाणी (83) का दिल का दौरा पड़ने से बुधवार शाम निधन हो गया। उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। गुरुवार शाम चार बजे निगम बोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व कई केंद्रीय मंत्रियों ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी लाल कृष्ण आडवाणी को सांत्वना देने उनके आवास पर भी पहुंचे। एम्स के डॉक्टरों के अनुसार, कमला आडवाणी को शाम 5.10 बजे इमरजेंसी में इलाज के लिए लाया गया था। उस वक्त वह अचेत अवस्था में थीं। डॉक्टरों ने तुरंत जांच की। पता चला कि दिल का दौरा पड़ा है। वह सांस भी नहीं ले पा रही थीं। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए एक घंटे तक कोशिश की, लेकिन बचा नहीं पाए। शाम 6.10 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। काफी समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। गत दिसंबर में भी उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था।
पीएम मोदी ने जताया दुख
"कमला आडवाणी जी की मृत्यु से मैं बहुत दुखी हूं। लालकृष्ण आडवाणी जी के लिए शक्ति स्तंभ होने के साथ साथ वह कार्यकर्ताओं को भी हमेशा प्रेरित करती थीं। मुझे उनके साथ के कई संस्मरण याद आ रहे हैं। शोक की इस घड़ी में मैं आडवाणी जी के परिवार के साथ खड़ा हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।''
नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री