दिल्ली के पुष्प विहार से भाजपा पार्षद निर्वाचित घोषित, समीकरण बदले; फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट पहुंची AAP
राज्य चुनाव आयोग ने पुष्प विहार वार्ड से भाजपा पार्षद को निर्वाचित घोषित किया है, जिससे दक्षिण जोन के राजनीतिक समीकरण बदल जाएंगे। हालांकि, इस फैसले को आम आदमी पार्टी ने हाई कोर्ट में चुनौती दी है, जिस पर आज सुनवाई होगी।
-1795172384464_m.webp)
कोर्ट के निर्देश बाद निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा प्रत्याशी को विजयी घोषित किया। निहाल सिंह - जागरण
HighLights
चुनाव आयोग ने पुष्प विहार से भाजपा पार्षद को निर्वाचित घोषित किया।
इस घोषणा से दक्षिण जोन में भाजपा के समीकरण बदलेंगे।
आम आदमी पार्टी ने फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती दी।
निहाल सिंह, नई दिल्ली। दक्षिण जोन में पार्षदों का समीकरण बदलने जा रहा है। राज्य चुनाव आयोग ने पुष्प विहार वार्ड से भाजपा के पार्षद को निर्वाचित घोषित कर दिया है।
आयोग ने इसकी सूचना जारी कर दिल्ली नगर निगम को भी भेज दी है। हालांकि, इस फैसले को आम आदमी पार्टी के पार्षद ने हाई कोर्ट में चुनौती दी है। इस याचिका पर सुनवाई होनी है। अदालत के फैसले के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
सूत्रों के अनुसार, चुनाव आयोग की ओर से निर्वाचित घोषित किए जाने के बाद अब निगम सदन में पार्षद के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए महापौर निगम सदन की बैठक बुला सकते हैं। शपथ ग्रहण के बाद पार्षद दक्षिण जोन की बैठकों में भी हिस्सा ले सकेंगे। हालांकि, हाई कोर्ट में लंबित याचिका के चलते इस प्रक्रिया पर अदालत के आदेश का असर पड़ सकता है।
बदल जाएंगे राजनीतिक समीकरण
इस घटनाक्रम से दक्षिण जोन में राजनीतिक समीकरण भी बदल जाएगा। जोन में कुल 23 पार्षदों में भाजपा और आम आदमी पार्टी के पास 10-10 पार्षद थे। कांग्रेस के दो पार्षद हैं, जबकि एक पार्षद के निधन के कारण सीट खाली है।
पुष्प विहार वार्ड से भाजपा पार्षद के निर्वाचित घोषित होने के बाद भाजपा की संख्या 11 हो जाएगी। इससे जोन में पार्टी की स्थिति बदल जाएगी।
चेयरमैन का चुनाव जीत गई थी भाजपा
गौरतलब है कि पिछली बार दक्षिण जोन में भाजपा चेयरमैन का चुनाव जीत गई थी, लेकिन इसके लिए उसे कांग्रेस पार्षदों का समर्थन लेना पड़ा था। अब पुष्प विहार वार्ड के पार्षद के निर्वाचित घोषित होने और शपथ ग्रहण के बाद जोन की बैठकों तथा चेयरमैन से जुड़े आगामी चुनावों में इसका असर देखने को मिल सकता है। फिलहाल सभी की नजर हाई कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर है।