भाजपा ने सरकार की मंशा पर उठाया सवाल
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : अधिकारियों के साथ बैठक का लाइव प्रसारण करने के मुख्यमंत्री अरविंद क
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :
अधिकारियों के साथ बैठक का लाइव प्रसारण करने के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सरकार के प्रस्ताव पर भाजपा ने प्रश्न चिह्न खड़ा किया है। दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता का कहना है कि जिस मुख्यमंत्री ने अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में पारदर्शिता और खुलेपन के सिद्धांतों के विरूद्ध काम किया हो उससे लाइव प्रसारण की आशा करना रेगिस्तान में पानी ढूंढने के समान है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कभी भी स्वतंत्र और सूचना के मुक्त आदान -प्रदान को प्रोत्साहित नहीं किया। वह सरकार और आम आदमी पार्टी से जुड़ी हुई जानकारी जनता को देने से बचते रहे हैं। यदि पारदर्शिता को लेकर सरकार के इरादे नेक और ईमानदार होते तो अधिकारियों और सरकार के बीच अविश्वास इतना गहरा नहीं होता। उन्होंने कहा कि यदि सरकार में साहस है तो वे केवल फाइलें ही नहीं सरकार की सारी कार्यप्रणाली, योजनाओं और आय-व्यय के संपूर्ण विवरण को निरंतर ऑनलाइन करें। सरकार आलोचना से बचने के लिए वेबसाइट पर जानकारी देने से बच रही है। आम आदमी पार्टी के चंदे की जानकारी और विधानसभा चुनाव में किए गए 70 वादों की जानकारी भी वेबसाइट पर नहीं है।