दिल्ली: कड़कड़ी मोड़ से राम विहार तक 4 ट्रैफिक सिग्नल बंद, अब 2.1 KM लंबे मार्ग पर फर्राटा भरेंगे वाहन; 7 U-Turn
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और पीडब्ल्यूडी ने कड़कड़ी मोड़ से राम विहार तक 2.1 किलोमीटर लंबे मार्ग पर यातायात सुगम बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है।

कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन के पास बंद किया गया कट। जागरण
HighLights
कड़कड़ी मोड़ से राम विहार तक 4 ट्रैफिक सिग्नल बंद।
2.1 किलोमीटर लंबे मार्ग पर अब 7 नए यू-टर्न बने।
अवैध पार्किंग और गलत साइड ड्राइविंग बड़ी चुनौती रहेगी।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। कड़कड़ी मोड़ से राम विहार तक करीब 2.1 किलोमीटर लंबे मार्ग पर यातायात को सुगम बनाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने संयुक्त रूप से नई व्यवस्था लागू की है।
इस मार्ग की चार ट्रैफिक सिग्नल शनिवार को बंद कर दिए गए। दयानंद विहार, सैनी एंक्लेव, जागृति एंक्लेव और राम विहार की सिग्नल को बंद कर इनके आसपास सात यू-टर्न बनाए गए हैं। एक अन्य कट को भी बंद कर यू-टर्न में तब्दील किया जाएगा। इससे वाहन चालकों को बार-बार सिग्नल पर रुकने से राहत मिलेगी और मार्ग पर यातायात सुचारु होने की उम्मीद है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की डीसीपी श्वेता चौहान ने शनिवार को शाहदरा ट्रैफिक इंस्पेक्टर संजय द्विवेदी व पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता मनोज तंवर के साथ समन्वय कर नई व्यवस्था लागू कराई। इसके बाद मार्ग पर यातायात संचालन सुचारु रहा।
डीसीपी श्वेता चौहान ने बताया कि रेड लाइट के स्थान पर यू-टर्न व्यवस्था लागू करने से वाहनों को अनावश्यक रूप से रुकना नहीं पड़ेगा और मुख्य मार्ग पर यातायात की रफ्तार बनाए रखने में मदद मिलेगी। हरगोविंद एंक्लेव के सामने अस्पताल के पास बने कट को भी बंद कर वहां यू-टर्न विकसित किया जाएगा।
यू-टर्न बनने के बाद भी यातायात संचालन करना रहेगा चुनौती
विकास मार्ग पर भी चार यू-टर्न बनाए गए हैं, लेकिन सड़क किनारे अवैध पार्किंग के कारण बसों और बड़ी गाड़ियों को यू-टर्न लेने में परेशानी होती है। बसों के मुड़ने के दौरान पीछे वाहनों की कतार लग जाती है और यातायात प्रभावित होता है। कड़कड़ी मोड़ से राम विहार मार्ग पर भी यू-टर्न के आसपास अवैध पार्किंग रोकना ट्रैफिक पुलिस के लिए चुनौती रहेगा।
इसके अलावा यू-टर्न के आसपास रांग साइड से आने वाले वाहन भी यातायात संचालन में बाधा बन सकते हैं। ऐसे में नई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अवैध पार्किंग और रांग साइड वाहन चलाने वालों पर सख्ती करनी होगी।