बवाना में 2000 रुपये न देने पर युवक की चाकू घोंपकर हत्या, तीन नाबालिग गिरफ्तार
बाहरी दिल्ली के बवाना में 28 वर्षीय प्रमोद की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। किशोरों ने 2000 रुपये न ...और पढ़ें

बवाना इलाके में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी।
HighLights
2000 रुपये न देने पर युवक की चाकू मारकर हत्या।
पुलिस ने तीन नाबालिग आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार किया।
वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दो हजार रुपये नहीं देने पर किशोरों ने बुधवार की रात बवाना इलाके में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर वारदात के कुछ देर बाद तीन नाबालिग आरोपितों को पकड़ लिया। आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय प्रमोद के रूप में हुई है। पकड़े गए तीनों नाबालिगों की उम्र 14 से 16 साल के बीच है। पुलिस ने इन्हें जुबनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश करने के बाद बाल सुधार गृह में भेज दिया है।
युवक को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि बुधवार रात बवाना थाना पुलिस को बवाना स्थित सेक्टर तीन के एम ब्लॉक पार्क के पास एक युवक को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को इंद्रराज कॉलोनी निवासी मुनीश अली मिला। जिसने बताया कि वह अपने दोस्त प्रमोद के साथ जूते की फैक्ट्री में काम करते हैं और दोनों एक साथ इंद्रराज कालोनी में रहते हैं।
रात में दोनों बाजार से सब्जी लेकर घर की ओर जा रहे थे। पार्क के पास तीन अज्ञात लड़कों ने उन्हें रोक लिया। तीनों उनसे दो हजार रुपये देने के लिए कहा। मना करने पर आरोपितों और उनके दोस्त प्रमोद के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान एक हमलावर ने अपने जेब से चाकू निकालकर प्रमोद के गले पर हमला कर वहां से भाग गए।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया
पुलिस ने घायल प्रमोद को तुरंत महर्षि वाल्मीकि अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया। बवाना थाने का काम देख रहे आईपीएस अधिकारी गौरव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने मौके पर छानबीन करने के बाद आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जिसमें दिख रहे संदिग्धों की पहचान के लिए पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। कुछ ही घंटे में पुलिस ने फुटेज में दिख रहे नाबालिगों की पहचान करने के बाद बृहस्पतिवार तड़के तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया।
पूछताछ में तीनों ने गुनाह कबूल कर लिया। आरोपितों ने बताया कि वह पार्क में मौजूद थे। इसी दौरान दो लोगों को जाते देख उनसे लूटपाट करने की योजना बनाई। पैसे देने से इंकार करने पर एक ने उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया और तीनों वहां से भाग गए।
