बवाना फायरिंग: 40 हजार और कनाडा नौकरी का लालच देकर कराई गई वारदात, दो गिरफ्तार
बवाना के पूठ खुर्द में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने अरुण शर्मा और सूरज को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

40 हजार और कनाडा नौकरी का लालच देकर कराई गई वारदात ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
बवाना फायरिंग में दो आरोपी अरुण और सूरज गिरफ्तार।
40 हजार रुपये, कनाडा नौकरी का लालच दिया गया।
हिमांशु भाऊ गिरोह से जुड़े होने की आशंका।
राजीव रंजन, बाहरी दिल्ली। बवाना के पूठ खुर्द में फायरिंग के मामले में गिरफ्तार अरुण शर्मा और सूरज ने पूछताछ में बताया कि वारदात के लिए उन्हें 40 हजार रुपये दिए गए थे। साथ ही कनाडा बुलाकर नौकरी दिलाने का लालच भी दिया गया था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात के दौरान अरुण मोटरसाइकिल चला रहा था, जबकि सूरज ने फायरिंग की थी। दोनों आरोपित दो दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सूरज को किया गया था तैयार..
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अरुण शर्मा इंस्टाग्राम के जरिये हिमांशु भाऊ गिरोह के खास नितिन डबास उर्फ विक्की हड्डल के संपर्क में आया था। बाद में वीओआइपी एप के माध्यम से भी बातचीत हुई। अरूण ने वारदात को अंजाम देने के लिए अपने दोस्त सूरज को भी तैयार किया।
इसके बाद दोनों को बहादुरगढ़ में एक निर्धारित स्थान से हथियार और रुपये लेने के निर्देश दिए गए थे। अरुण फ्लिपकार्ट के लिए जबकि सूरज छोटा मोटा काम करता था। आशंका है कारोबारी पर रंगदारी का दबाब बनाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया था।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त लोकेश वरन ने बताया कि 19 अक्टूबर को पूठ खुर्द गांव में हेलमेट बनाने की फैक्ट्री के बाहर खड़ी कार और सामने स्थित टाइल्स गोदाम के गेट पर कई राउंड फायरिंग हुई थी। घटना में फैक्ट्री संचालक अभय जैन की कार क्षतिग्रस्त हो गई थी।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले में बवाना थाना पुलिस ने एसीपी गौरव सिंह की देखरेख में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपितों को आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले से गिरफ्तार किया। आरोपितों की तलाश में पुलिस की दो टीमें बनाई गईं थी।
इनमें एक टीम यूपी भी भेजी गई थी, लेकिन जानकारी जुटाने के दौरान पुलिस को श्रीकाकुलम जिले के नरसन्नापेटा क्षेत्र में स्थित ग्रेस डांस स्टूडियो के बारे में पता चला।
अरुण शर्मा की बहन इस स्टूडियो से जुड़ी थी और अपने मंगेतर के साथ वहां डांस की कक्षाएं चलाती थी। दोनों वारदात के बाद भागकर छिपने के लिए वहां गए थे। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस अब लेनदेन, हथियारों के स्रोत और फायरिंग के मकसद की जांच कर रही है।
