पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली जाना होगा आसान, शुरू होगा बारापुला फेज-3; 30-35% घट सकता है ट्रैफिक दबाव
नौ साल की देरी से तैयार हुआ बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर खुलने से सराय काले खां पर लगने वाले जाम ...और पढ़ें

बारापुला फ्लाइओवर उद्घाटन के बाद शाम को कुछ इस तरह रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगाता हुआ आया नजर। विपिन शर्मा
HighLights
बारापुला फेज-3 से सराय काले खां पर जाम से राहत।
पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद से दक्षिणी दिल्ली का सफर आसान होगा।
रिंग रोड पर वाहनों का दबाव 30-35% तक घटने की उम्मीद।
वीके शुक्ला, नई दिल्ली। नौ साल की देरी से तैयार हुए बारापुला फेज-3 एलिवेटेड काॅरिडोर शुरू होने पर सराय काले खां के सामने रिंग रोड पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। 3.5 किलोमीटर लंबा यह मार्ग मयूर विहार फेज-1 को सराय काले खां से सीधे जोड़ेगा।
इससे पूर्वी दिल्ली और गाजियाबाद से दक्षिणी दिल्ली आने-जाने वाले वाहन रिंग रोड पर सराय काले खां बस अड्डा के सामने गुजरने की बजाय सीधे इस एलिवेटेड काॅरिडोर के ऊपर से गु़जर जाएंगे।
परिवहन विशेषज्ञ अनिल छिकारा की मानें तो नए काॅरिडोर के शुरू होने से रिंग रोड के इस भाग में कम से कम 30 से 35 प्रतिशत तक वाहनों का दबाव घट सकता है। इसे बृहस्पतिवार से खोले जाने की उम्मीद है।
इस तरह घटेगा रिंग रोड पर सराय काले खां का जाम
दक्षिणी दिल्ली और एम्स की ओर से बारापुला फेज-एक व दो से हाेते हुए जिन वाहन चालकाें को गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली जाना होता है तो वे अभी रिंग रोड पर सराय काले खां के सामने से होते हुए एनएच-9 पर निकल जाते हैं। अब वे रिंग रोड पर नहीं जाएंगे, बल्कि अब सीधे इस नए काॅरिडोर से मयूर विहार होते हुए निकल जाएंगे।

कार ओनर्स को मिला बेहतरीन ऑप्शन
इसी तरह गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली से एम्स की ओर जाने वाले वाहन चालक भी बारापुला के रास्ते आगे बढ़ सकेंगे। अभी इन वाहनों का एक बड़ा हिस्सा सराय काले खां होकर गुजरता है। इस नए काॅरिडोर को एम्स जाने की ओर सीधे पहले से बने बारापुला फेज-एक में मिला दिया गया है। ऐसे में यमुनापार की ओर से वाहन चालकों को यह बेहतरीन रास्ता मिल गया है।
सराय काले खां के जाम वाले भाग का उपयोग नहीं करेंगे
वहीं, गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली की ओर से आश्रम की ओर जाने के लिए भी यह नया मार्ग मिल गया है। मयूर विहार फेज-एक से आश्रम की ओर जाने के लिए काॅरिडोर का एक भाग कालिंदी कालोनी के पास नीचे रिंग रोड पर उतार दिया गया है।
ऐसे में गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली के वाहन चालक आश्रम जाने के लिए रिंग रोड के सराय काले खां के जाम वाले भाग का उपयोग नहीं करेंगे।
लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अभी थोड़ा इंतजार करने की जरूरत है। यातायात का संचालन शुरू होने के बाद ही सटीक तौर पर कहा जा सकेगा कि इसके शुरू होने से सराय काले खां के सामने जाम कितना कम हुआ है।
