11 साल का लंबा इंतजार खत्म: मयूर विहार से AIIMS तक का सफर होगा सिग्नल-फ्री, बारापुला फेज-3 बनकर तैयार
बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर 11 साल बाद बनकर तैयार हो गया है। इसे प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर शुरू होने ...और पढ़ें

बारापुला फेज-3 कॉरिडोर तैयार: मयूर विहार से एम्स तक अब सिग्नल-फ्री सफर। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
बारापुला फेज-3 कॉरिडोर 11 साल के लंबे इंतजार के बाद तैयार।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान में समर्पित होगा।
मयूर विहार से एम्स तक अब सिग्नल-फ्री सफर का रास्ता।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर अब करीब 11 साल बाद बनकर तैयार हो गया है। इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प सेवा अभियान के दौरान जनता को समर्पित किया जाएगा। अभियान की शुरुआत बृहस्पतिवार से हो रही है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कुछ दिन पहले ही इस अभियान के दौरान कॉरिडोर को जनता को समर्पित किए जाने की घोषणा कर चुकी हैं। लोक निर्माण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कॉरिडोर बनकर तैयार है, सरकार काे अवगत कराया जा चुका है। सरकार को इस बारे में फैसला लेना है।
2014 में हुआ था शिलान्यास, 2015 में शुरू हुआ निर्माण
बारापुला फेज-3 परियोजना का शिलान्यास वर्ष 2014 में किया गया था। इसके बाद 2015 में निर्माण कार्य शुरू हुआ था। योजना को वर्ष 2017 तक पूरा किया जाना था, लेकिन विभिन्न अड़चनों के कारण परियोजना निर्धारित समय पर पूरी नहीं हो सकी। निर्माण में लगातार देरी के चलते यह परियोजना करीब 11 वर्षों तक लंबित रही।
तीन किलोमीटर लंबा है एलिवेटेड कॉरिडोर
बारापुला फेज-3 के तहत मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां तक करीब तीन किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर तैयार किया गया है। इसके शुरू होने के बाद इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
एम्स तक सिग्नल-फ्री सफर का रास्ता
कॉरिडोर के चालू होने से मयूर विहार फेज-1 से एम्स तक सिग्नल-फ्री यातायात उपलब्ध हो सकेगा। इससे इस मार्ग पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को कई ट्रैफिक सिग्नलों पर रुकने की जरूरत कम होगी और यात्रा का समय भी बच सकेगा।
