गुरुद्वारा बंगला साहिब की लंगर सेवा को सम्मान
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : राजधानी में स्थित गुरुद्वारा बंगला साहिब में चलने वाली लंगर सेवा को इंग्लैंड
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : राजधानी में स्थित गुरुद्वारा बंगला साहिब में चलने वाली लंगर सेवा को इंग्लैंड में सम्मानित किया गया है। इस सेवा को इंग्लैंड के वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। संस्था के प्रतिनिधि 2 फरवरी को यहां आकर गुरुद्वारा को प्रमाण पत्र देंगे। इस अवसर पर गुरुद्वारा बंगला साहिब में कार्यक्रम होगा।
इस गुरुद्वारे में 24 घंटे लंगर सेवा चलती है। औसतन रोजाना लगभग 40 हजार लोग लंगर छकते हैं। वहीं, रविवार व अन्य अवकाश और त्योहार के दिनों में गुरुद्वारे में भीड़ बढ़ने के साथ ही लंगर छकने वालों की संख्या भी बढ़ जाती है। गुरुद्वारा परिसर में चलने वाले चिकित्सालय में भी रोजाना 500 के करीब लोगों का निशुल्क उपचार होता है।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके का कहना है कि बंगला साहिब लोगों के लिए आस्था का केंद्र है। लोगों की सहायता के लिए गुरुद्वारा हमेशा तैयार रहता है। राजधानी में पहुंचने वाले आंदोलनकारी भी गुरुद्वारा में पहुंचकर लंगर छकते हैं। बारा आम्टे का भारत जोड़ो आंदोलन, अन्ना आंदोलन से लेकर किसान आंदोलन में शामिल आंदोलनकारियों के लिए यह गुरुद्वारा सहारा बना है।