यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 06, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
केजरी के मंत्री का ट्वीट- 'देशभक्त हो तो पिटोगे, हिंदू देशभक्त हो तो जरूर पिटोगे'
दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने पीएम नरेंद्र मोदी को घेरते हुए ट्वीट किया है, 'यह मोदी मंत्र है ...और पढ़ें

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में BJP-PDP गठबंधन सरकार के खिलाफ पहले दिन से मुखर रहे दिल्ली सरकार के पर्यटन और संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा अपने एक और ट्वीट को लेकर विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने यह ट्वीट BJP-PDP गठबंधन सरकार के खिलाफ किया है, साथ ही उन्होंने नरेंद्र मोदी पर भी हमला किया है।
MODI MANTRA
तिरंगा फहराओ लाठी खाओ
भारत माता बोलो - आंसू गैस झेलो
देशभक्त हो - तो पिटोगे
हिन्दू देशभक्त हो - जरूर पिटोगे
ISI का असर है।— Kapil Mishra (@KapilMishraAAP) April 6, 2016
श्रीनगर में बवाल पर केजरी का ट्वीट, 'क्या सारी समस्या की जड़ छात्र हैं?'
उन्होंने कश्मीर के एनआइटी में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर मुफ्ती सरकार पर निशाना साधने के साथ मोदी को घेरते हुए ट्वीट किया है, 'यह मोदी मंत्र है कि तिरंगा फहराओ, लाठी खाओ।' केजरीवाल के मंत्री यहीं पर नहीं रुके उन्होंने ट्वीट में आगे कहा, 'देशभक्त हो तो पिटोगे, हिंदू देशभक्त हो तो जरूर पिटोगे।' उन्होंने ट्वीट के अंत में लिखा है- 'यह ISI का असर है।'
कहा जा रहा है कि इस विवादित ट्वीट को लेकर विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी जबरदस्त विरोध दर्ज करा सकती है। यहां पर याद दिला दें कि ठीक एक दिन पहले कपिल मिश्रा ने पठानकोट आतंकी हमले पर पाकिस्तान को शामिल करने पर ट्वीट करके नरेंद्र मोदी पर हमला किया था।
उन्होंने ट्वीट में कहा था, 'क्या PM के रूप में देश को एक ISI एजेंट मिला है?' उन्होंने कहा था, 'जिस तरह प्रधानमंत्री भारत विरोधी ताकतों के आगे घुटने टेक रहे हैं वह गंभीर चिंता का विषय है।'
कपिल मिश्रा ने यह ट्वीट पठानकोट हमले की जांच के लिए पाकिस्तान की जेआईटी टीम को भारत आने की अनुमति देने के केंद्र सरकार के फैसले की आलोचना करते हुए कहा था। पर्यटन मंत्री ने कहा था कि जिस तरह पीएम मोदी भारत विरोधी ताकतों के सामने सरेंडर कर रहे हैं, वह काफी गंभीर हैं।
एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा था 'ये देश का सवाल है। भाजपा-आरएसएस में भी जो समझ रहे हैं कि मोदी जी ने देश को धोखा दिया है उन्हें अब बोलना होगा। देश से बड़ा कोई नहीं।'
इस पर कपिल मिश्रा के ट्वीट का बचाव करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी सरकार की विदेश नीति पूरी तरह फेल हो गई है। मोदी सरकार ने पठानकोट मामले में पाकिस्तान के सामने घुटने टेक दिए हैं।
गौरतलब है कि पठानकोट हमले की जांच के लिए काफी दबाव के बाद पाकिस्तान ने संयुक्त जांच टीम भेजी थी। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तानी जेआईटी ने स्वदेश लौटने के बाद हमले को भारत का ड्रामा करार दिया और कहा था कि यह भारत द्वारा पाकिस्तान को बदनाम करने की साजिश है।
