खत्म हुआ खान सर और अंजना ओम कश्यप का हाई-प्रोफाइल विवाद, दिल्ली HC में कैसे बनी बात?
पत्रकार अंजना ओम कश्यप और शिक्षक खान सर के बीच चल रहा मानहानि का मामला दिल्ली हाईकोर्ट में आपसी सहमति से सुलझ गया है।

अंजना ओम कश्यप खान सर विवाद।
HighLights
अंजना ओम कश्यप और खान सर का मानहानि मामला सुलझा।
दिल्ली हाईकोर्ट में आपसी सहमति से विवाद खत्म।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर था विवाद।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पत्रकार अंजना ओम कश्यप और शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर के बीच चल रहा मानहानि का मामला आखिरकार सुलह के साथ खत्म हो गया। दोनों पक्षों ने दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि उन्होंने आपसी सहमति से विवाद सुलझा लिया है।
न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला की पीठ के समक्ष सुनवाई के दौरान अंजना ओम कश्यप की ओर से पेश अधिवक्ता वृंदा भंडारी ने अदालत को बताया कि खान सर सहित सभी छह प्रतिवादियों के साथ मामला सुलझ गया है।
बता दें कि अंजना ओम कश्यप ने इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक सामग्री पोस्ट करने को लेकर खान सर समेत अन्य के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया था।
बातचीत के बाद बनी मुद्दों पर सहमति
सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के वकीलों ने अदालत को बताया कि बातचीत के बाद सभी मुद्दों पर सहमति बन गई है और अब वे इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। इसके बाद अदालत ने समझौते के आधार पर याचिका का निपटारा कर दिया।
यह विवाद स्टार टीचर्स पर अंजना ओम कश्यप की गई टिप्पणी से जुडा था। अंजना की टिप्पणी से नाराज आनलाइन शिक्षकों ने उनके खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर कई पोस्ट किए थे। जुलाई माह में कोर्ट ने वरिष्ठ अधिवक्ता राजशेखर राव को मध्यस्थ नियुक्त किया था।