विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली: आनंद विहार बस अड्डे के पास हटेगा तिकोने पार्क का 5 मीटर हिस्सा, जाम और अवैध पार्किंग से मिलेगी राहत

Published: Thu, 26 Nov 2026 04:59 PM (GMT+05:30)

पूर्वी दिल्ली में आनंद विहार बस अड्डे के सामने कौशांबी की ओर सर्विस रोड पर आ रहे तिकोने पार्क का पांच मीटर हिस्सा हटाया जाएगा। इससे दिलशाद गार्डन से गाजीपुर जाने वाले वाहनों को जाम और अवैध पार्किंग से निजात मिलेगी, यातायात सुगम होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. आनंद विहार बस अड्डे के सामने से हटेगा तिकोना पार्क।

  2. पांच मीटर हिस्सा हटने से सर्विस रोड पूरी होगी।

  3. जाम और अवैध पार्किंग की समस्या से मिलेगी निजात।

सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली में आनंद विहार बस अड्डे के सामने लगने वाले जाम से जल्द ही लोगों को पूरी तरह निजात मिलने की उम्मीद है। आनंद विहार बस अड्डा मुख्य मार्ग पर कौशांबी की ओर की सर्विस रोड के बीच आ रही तिकोना पार्क की बाधा को हटाया जाएगा।

सर्विस रोड के बीच आ रहे तिकोने पार्क का करीब पांच मीटर हिस्सा हटाकर सड़क को पूरा किया जाएगा। इससे दिलशाद गार्डन, सूर्यनगर व रामप्रस्थ से गाजीपुर की ओर जाने वाले वाहनों को आनंद विहार बस अड्डे के सामने सर्विस रोड पर जगह मिलेगी और अवैध पार्किंग की समस्या भी खत्म होगी।

आनंद विहार बस अड्डे के सामने कौशांबी और गाजियाबाद की ओर जाने वाली सड़क पर एक तिकोना पार्क बना हुआ है। पार्क का एक हिस्सा आनंद विहार मुख्य मार्ग की सर्विस रोड के बीच आने के कारण सड़क का रास्ता बाधित था।

लग जाता है कई किमी लंबा जाम

इसके चलते रामप्रस्थ से गाजीपुर की ओर जाने वाली सर्विस रोड का इस्तेमाल वाहन ड्राइवर ठीक से नहीं कर पा रहे थे। सड़क का हिस्सा बाधित होने से यहां बसों और ऑटो की पार्किंग हो जाती थी। इससे जाम लग जाता था। त्योहारों के समय आनंद विहार बस अड्डा व रेलवे स्टेशन पर भीड़ बढ़ने के दौरान जाम कई किलोमीटर लंबा हो जाता था।

इस पार्क की देखरेख गाजियाबाद नगर निगम करता था। अब गाजियाबाद नगर निगम ने पार्क को दिल्ली प्रशासन को हैंडओवर कर दिया है।

इसके बाद पीडब्ल्यूडी पार्क के सर्विस रोड के बीच आने वाले करीब पांच मीटर हिस्से को हटाएगा। इससे सर्विस रोड का अधूरा हिस्सा पूरा हो सकेगा और वाहन ड्राइवर को आवाजाही के लिए चौड़ी सड़क मिलेगी।

एक हिस्सा हटेगा, शेष हिस्सा रहेगा हरा-भरा

पूर्वी जिले के डीएम करणजीत वाडोदरिया ने बताया कि एक समय आनंद विहार जाम और प्रदूषण का सबसे बड़ा हाटस्पाट था लेकिन सभी विभागों के समन्वय से यहां जाम और प्रदूषण की समस्या से काफी हद तक निजात मिली है। ऐसे में सर्विस रोड के बीच पार्क होने से कौशांबी की ओर जाम के हालात बनते थे। इसे लेकर लंबे समय से गाजियाबाद से पार्क हैंडओवर लेने की कोशिश जारी थी।

अब गाजियाबाद नगर निगम ने पार्क हैंडओवर कर दिया है। ऐसे में सर्विस रोड के बीच आ रहे पार्क के हिस्से को हटाकर शेष पार्क पर हरियाली बनाए रखी जाएगी। सर्विस रोड खुलने से आनंद विहार बस अड्डे के सामने यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। वाहनों को मुख्य सड़क पर आने के लिए अनावश्यक रूप से रुकना नहीं पड़ेगा। इससे जाम की समस्या कम होने के साथ प्रदूषण में भी कमी आएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।