इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे बच्चों के गंदे वीडियो, NCMEC की रिपोर्ट पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई; एक गिरफ्तार
मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत में पुलिस ने पंकज गोयल को बच्चों के अश्लील वीडियो और सामग्री इंस्टाग्राम पर प्रसारित ...और पढ़ें

इंस्टाग्राम पर बच्चों के गंदे वीडियो वायरल किए जा रहे थे। फोटो: सांकेतिक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत थाना पुलिस की टीम ने एक ऐसे आरोपित को गिरफ्तार किया है, जो इंटरनेट मीडिया पर बच्चों का अश्लील वीडियो और सामग्री प्रसारित करता था।
आरोपित की पहचान पंजाबी बस्ती आनंद पर्वत के पंकज गोयल के रूप में हुई है। इसके पास से वह मोबाइल भी बरामद किया गया है, जिसका वह इस्तेमाल करता था।
NCMEC से पुलिस को मिली थी अपराध की सूचना
मध्य जिला के उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लाइटेड चिल्ड्रन (NCMEC) से एक साइबर टिपलाइन रिपोर्ट आनंद पर्वत पुलिस को मिली थी, जिसमें इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रतिबंधित बाल यौन शोषण सामग्री डाउनलोड किए जाने की सूचना दी गई थी।
इस आधार पर थाना आनंद पर्वत पुलिस ने 20 मार्च को पोक्सो एक्ट की धारा 15 और आईटी एक्ट की धारा 67(बी) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसमें इंस्पेक्टर आदेश कुमार, हेड कांस्टेबल जितेंद्र और हेड कांस्टेबल बोधूराम शामिल थे।
इंस्टाग्राम से डाउनलोड किए बच्चों के गंदे वीडियो थी
जांच के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबर की सीएएफ डिटेल्स हासिल कर उनका विश्लेषण किया गया। तकनीकी निगरानी और स्थानीय सत्यापन के माध्यम से आरोपित की पहचान की गई।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को आनंद पर्वत स्थित पंजाबी बस्ती से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए प्रतिबंधित बाल यौन शोषण सामग्री डाउनलोड की थी।
दिल्ली पुलिस ने लोगाें के लिए जारी की चेतावनी
जांच के दौरान उसके अपराध में शामिल होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने उसके पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, जिसका उपयोग अपराध को अंजाम देने में किया गया था।
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इंटरनेट का उपयोग करते समय सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री को न देखें, डाउनलोड करें या साझा करें, क्योंकि यह कानूनन दंडनीय अपराध है।
