आम्रपाली एक्सप्रेस में धमाके के पीछे किसका हाथ? ट्रैक पर मिले ID कार्ड और रहस्यमयी बोरे पर टिकी RPF की जांच
शाहदरा के पास आम्रपाली एक्सप्रेस की बोगी में आग लगने की घटना की जांच में आरपीएफ को रेलवे ट्रैक पर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
रेलवे ट्रैक पर मिला बोरा, उसमें आईडी कार्ड।
बोरे में केमिकल के अंश, फोरेंसिक जांच जारी।
दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाई गई।
सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी पर विस्फोट के बाद शाहदरा रेलवे स्टेशन के आउटर पर आम्रपाली एक्सप्रेस की बोगी में आग लगने की घटना की जांच में एक अहम सुराग हाथ लगा है।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को घटनास्थल के पास रेलवे ट्रैक पर एक बोरा मिला है। इसमें एक व्यक्ति का कंपनी का आईडी कार्ड मिला है। सूत्रों के अनुसार, आईडी कार्ड पर दर्ज पता दिल्ली का है। बोरे की जांच में केमिकल के कुछ अंश भी मिले हैं।
आरपीएफ ने केमिकल के सैंपल फोरेंसिक लैब भेज दिए हैं। इनकी रिपोर्ट आने में करीब एक सप्ताह से दस दिन लग सकते हैं। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। आईडी कार्ड पर दर्ज नाम और पते के आधार पर व्यक्ति की पहचान और उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
धमाके के वक्त रेड सिग्नल के चलते खड़ी थी ट्रेन
बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे अमृतसर से बिहार के कटिहार जा रही आम्रपाली एक्सप्रेस की एस-1 बोगी में हल्के धमाके के साथ आग लग गई थी। उस समय ट्रेन साहिबाबाद स्टेशन पार करने के बाद शाहदरा आउटर पर सिग्नल लाल होने के कारण खड़ी थी। घटना में दो यात्री मामूली रूप से झुलस गए थे।
आरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो बोगी में बैटरी से जुड़ा सामान और केमिकल मिला था। इसके बाद घटनास्थल के आसपास रेलवे ट्रैक की भी जांच की गई। इसी दौरान ट्रैक पर बोरा मिला।
इसमें आईडी कार्ड मिलने के साथ केमिकल के अंश भी पाए गए हैं। अब जांच का अहम पहलू यह है कि बोरा किसका था और इसमें मिला आईडी कार्ड किस व्यक्ति का है।
शुरुआती जांच में आतंकी हमले जैसा मामला नहीं
रेलवे के डिविजनल सिक्योरिटी कमिश्नर आशुतोष पांडेय ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला किसी आतंकी हमले जैसा नहीं लग रहा है। हालांकि, घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल के पास मिले बोरे से केमिकल के अंश मिले हैं। इनके सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। फोरेंसिक रिपोर्ट और आईडी कार्ड की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई
आम्रपाली एक्सप्रेस की बोगी में आग लगने की घटना के बाद शाहदरा, आनंद विहार समेत दिल्ली के अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर पहले से ही सुरक्षा जांच चाक-चौबंद थी और रेलवे की ओर से विशेष सुरक्षा अभियान भी चलाया जा रहा है।
अब सुरक्षा बलों को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि स्टेशनों पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु प्रवेश न करने पाए। प्लेटफॉर्म पर भी जवानों की तैनाती और निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि दूसरे स्टेशनों से आने वाली ट्रेनों में रखे सामान पर नजर रखी जा सके।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर खड़े खाली कोच की भी विशेष निगरानी और जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। लावारिस बैग और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।