विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या दिल्ली-NCR को दहलाने की थी बड़ी साजिश? शाहदरा में ट्रेन में धमाके के बाद पुलिस को मिला बैटरी-केमिकल का जखीरा

Published: Thu, 12 Nov 2026 07:26 PM (IST)Updated: Thu, 12 Nov 2026 07:28 PM (IST)

Jagran Exclusive: शाहदरा आउटर पर आम्रपाली एक्सप्रेस की एक बोगी में हल्के धमाके के साथ आग लग गई, जहां से आरपीएफ ने बैटरी और केमिकल बरामद किए।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. आम्रपाली एक्सप्रेस की बोगी में हल्के धमाके के साथ आग।

  2. आरपीएफ ने मौके से बैटरी और केमिकल किए बरामद।

  3. घटना को वसुंधरा चौकी विस्फोट से जोड़कर देखा जा रहा।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। गाजियाबाद के थाना इंदिरापुरम की वसुंधरा पुलिस चौकी पर हुए विस्फोट में पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आने के बाद अब शाहदरा रेलवे स्टेशन के आउटर पर ट्रेन में आग लगने का मामला सामने आया है।

पंजाब के अमृतसर से बिहार के कटिहार जा रही आम्रपाली एक्सप्रेस की एक बोगी में बृहस्पतिवार देर रात हल्के धमाके के साथ आग लग गई। घटना के समय ट्रेन साहिबाबाद स्टेशन पार कर शाहदरा आउटर पर पहुंची थी। सिग्नल लाल होने के कारण ट्रेन रुकी हुई थी।

इसी दौरान बोगी में हल्का धमाका होने और आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर आरपीएफ (रेलवे पुलिस फोर्स) की टीम मौके पर पहुंची और केमिकल और बैटरी का कुछ सामान बरामद किया। हालांकि सामान लेकर जा रहे आरोपित फरार हो गए। आरपीएफ ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कल शाम की है घटना

घटना बुधवार शाम 6.30 बजे की है। बोगी संख्या एस-1 में आग की सूचना से अफरातफरी मच गई। आरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर बोगी और आसपास के क्षेत्र की जांच की, लेकिन वहां कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला।

हालांकि, मौके से बैटरी से जुड़ा कुछ सामान और केमिकल बरामद हुआ है। आशंका है कि इन सामान का इस्तेमाल किसी संदिग्ध गतिविधि के लिए किया जा सकता था। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों ने आशंक जताई कि सामान छोड़कर आरोपित भाग गए।

यात्रियों ने बताया कि वे सो रहे थे, ऐसे में उन्होंने किसी को देखा नहीं। उन्होंने ट्रेन के रुकने के दौरान संदिग्ध सामान छोड़कर फरार होने की आशंका भी जताई। लगभग एक घंटे की जांच के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया।

एफआईआर दर्ज कर शुरू की जांच

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि मामले में रेल यात्रियों की सुरक्षा खतरे में डालने और रेल परिचालन बाधित करने की धाराओं में एफआइआर दर्ज कर अज्ञात आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। ट्रेन में नियमों के विरुद्ध खतरनाक सामान को ले जाने के भी आरोप हैं।

बरामद बैटरी, केमिकल व अन्य सामान की फोरेंसिक जांच करवाई जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बैटरी और केमिकल किस काम के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे।

वसुंधरा चौकी ब्लास्ट से भी जोड़कर देख रही एजेंसियां

बता दें कि छह नवंबर की रात गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी के बाहर विस्फोट हुआ था। जांच में सामने आया था कि विस्फोट में खदानों और सुरंग बनाने में इस्तेमाल होने वाले ब्लास्टिंग पाउडर का इस्तेमाल हुआ है।

इसके बाद इंटरनेट मीडिया पर तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान नाम के संगठन ने विस्फोट की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया था। इस संगठन के पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है। ऐसे में शाहदरा आउटर पर ट्रेन में आग लगने और संदिग्ध सामान मिलने की घटना को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।