दिल्लीवालों का सफर होगा आसान, सड़कों पर उतरीं 300 नई ई-बसें; अमित शाह ने दिखाई हरी झंडी
गृहमंत्री अमित शाह ने आरके पुरम में 300 नई ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली की जनता को समर्पित किया, ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। Delhi Electric DTC Buses: आरके पुरम स्थित सेंट्रल पार्क में मंगलवार को गृहमंत्री अमित शाह ने 300 ई-बसें दिल्ली की जनता को लोकार्पित कीं। प्रतिकात्मक रूप से उन्होंने 11 ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही 'मिशन 70 लाख' पौधरोपण अभियान की शुरुआत भी की।
दिल्ली के दो लाख लोगों को 'एक पेड़ मां के नाम' से जोड़ा जाएगा। वहीं दिल्ली के 250 वार्ड और 70 विधानसभा क्षेत्र में जनभागीदारी के साथ पौधरोपण कराया का रहा है। फेंसिंग के साथ ही पौधों की जिओ टैगिंग कराई गई है। ताकि निगरानी सुनिश्चित हो और यदि जब पौधों को किसी प्रकार नुकसान हो तो वहां नए सिरे से पौधे लगाए जा सकें।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र और राज्य जब मिलकर काम करते हैं तो बड़े से बड़ा लक्ष्य भी कठिन नहीं रह जाता। हमारे संस्कार सिखाते हैं कि प्रकृति से लेने से पहले उसका सम्मान करना होता है। विकास और पर्यावरण एक दूसरे के विरोधी नहीं, पर्याय हैं। हमने सरकार बनने के बाद लगातार ग्रीन कवर बढ़ाने पर काम किया।
बजट का 22 प्रतिशत हिस्सा ग्रीन कवर के लिए रखा। दिल्ली में हम 100 ऑक्सीजन पार्क बनाएंगे, जिनमें से 11 का काम शुरू भी हो चुका है। पेड़ केवल लगाए ना जाएं, बचाए भी जाएं। इसके लिए आरडब्ल्यूए और संस्थाओं को बजट भी दिया।
'मिशन 70 लाख' पौधरोपण अभियान की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल पौधों से प्रदूषण पर वार नहीं होगा, बल्कि इलेक्ट्रिक व्हीकल पर जोर दिया जा रहा है। गृहमंत्री ने आज 300 ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी के साथ दिल्ली में ई-बसों का फ़्लीट 4800 ईवी बसों का हो गया है, जो किसी भी शहर की ईवी फ्लीट से ज्यादा है। हमारा लक्ष्य वर्ष 2027 तक इसे बढ़ाकर 7,000 और 2028 तक 14,000 करना है।
