गृह मंत्री अमित शाह ने किया बारापुला फेस 3 एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन, दिल्ली को मिली नई सौगात
गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली-एनसीआर के लिए नवनिर्मित बारापुला फेस 3 एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इस दौरान लोक ...और पढ़ें
HighLights
गृह मंत्री अमित शाह ने बारापुला फेस 3 कॉरिडोर का उद्घाटन किया।
प्रवेश वर्मा ने पिछली सरकार पर परियोजना रोकने का आरोप लगाया।
हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली में विकास कार्यों की सराहना की।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली और उससे सटे एनसीआर के लोगों को जिस घड़ी का लंबे समय से इंतजार था वह आज आ ही गई और नवनिर्मित बारापुला फेस 3 एलीवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन आज गृहमंत्री अमित शाह ने किया।
इस कार्यक्रम में अमित शाह का कोई भाषण नियत नहीं था और तय कार्यक्रम के चलते अमित शाह ने एलीवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन किया और वापस लौट गए और इसी के साथ कार्यक्रम का समापन हो गया।

सीएम रेखा ने क्या कहा?
गृह मंत्री के पहुंचने से पहले सीएम रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम स्थल पर लोगों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पिछली आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, दिल्ली का विकास ठप कर दिया गया।
लोगों को परेशान किया गया, मगर हमारी सरकार आने के डेढ़ साल के अंदर ही तमाम विकास कार्य शुरू किए गए हैं, शुरू हो रहे हैं, पूरे हो रहे हैं, जनता को हर सुख सुविधा उपलब्ध कराने पर सरकार की नजर है और उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम किया जा रहा है।

यह पुल पिछली सरकार ने रोक करके रखा हुआ था, इसे आगे नहीं बढ़ाया जा रहा था, पैसा मिलने के बाद भी उस सरकार ने काम को पूरा नहीं किया। हमारी सरकार आने के बाद तमाम झंझट दूर किए गए और काम को आगे बढ़ाया गया आज इसे जनता को समर्पित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अगले 5 साल में आप सब के सहयोग से इतना काम कर देंगे इतने विकास कार्य कर देंगे जो पिछली सरकार ने 50 साल में भी नहीं किए होंगे।
क्या बोले प्रवेश वर्मा
इस दौरान उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि यह केवल एक पुल का शुभारंभ नहीं है, यह दिल्ली के लोगों के टैक्स के पैसे से बनने वाली उस योजना का भी शुभारम्भ है जिसे, पिछ्ली सरकार ने रोक कर रख दिया था।
हमारी सरकार बनने के बाद सबसे पहले मैंने इस पुल का निरीक्षण किया था, तब अधिकारियों ने कहा था कि पहली बार कोई मंत्री है जो इस पुल को निरिक्षण करने आया है, पिछली सरकार में यहां कोई देखने तक नहीं आया।

इससे पहले की सरकार में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने शीश महल में सोते थे और कोई देखने तक नहीं जाता था कहां क्या काम हो रहा है। केंद्रीय राज्य मंत्री व दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि हमारी सरकार आने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में लगातार दिल्ली का विकास हो रहा है।
