दुष्कर्म की घटनाओं के खिलाफ आक्रोश रैली
फोटो फाइल 21 डीइएल 603 जागरण संवाददाता,नई दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय में कई प्राध्यापकों पर
जागरण संवाददाता,नई दिल्ली :
दिल्ली विश्वविद्यालय में कई प्राध्यापकों पर लगे यौन प्रताड़ना के मामलों में शिक्षकों के ऊपर कार्रवाई करने व कैंपस को सुरक्षित बनाने सहित तमाम मांगों को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ सचिव महामेधा नागर के नेतृत्व में छात्राओं ने आक्रोश रैली निकाली। छात्राओं ने प्रतिदिन महिलाओं के ऊपर हो रहे अत्याचार व दुष्कर्म की घटनाओं के खिलाफ एक साथ मिलकर प्रदर्शन किया।
महामेधा नागर ने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य महिला सुरक्षा और दुष्कर्म विरोधी कानून को और सख्त करने को लेकर था। हम लगातार कैंपस को सुरक्षित करने की मांग कर रहे हैं। हमने बार-बार प्रशासन से भी कैंपस में बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी कार्य करने का आग्रह किया है। लेकिन अब तक उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हम न केवल दिल्ली विश्वविद्यालय बल्कि सरकार से भी मांग करते हैं कि महिला सुरक्षा के लिए उचित कानून बने। दुष्कर्म के दोषियों को फांसी दी जाए। डीयू के सभी कॉलेजों में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया जाए।
ज्ञात हो कि विगत कुछ दिनों से दिल्ली विश्वविद्यालय में न केवल छात्र संघ पदाधिकारी बल्कि आम छात्र भी विगत कुछ महीनों में यौन प्रताड़ना के आए मामलों को लेकर आक्रोशित हैं और समय समय पर आरोपी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भी प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्नाव और कठुआ में हुए दुष्कर्म के मामलों में भी छात्राओं ने आवाज उठाई थी।