मिडिल ईस्ट में तनाव का दिखने लगा असर... एअर इंडिया और इंडिगो की कई उड़ानें रद, ट्रेवल एडवाइजरी जारी
भारत की प्रमुख एयरलाइंस एअर इंडिया और इंडिगो ने मिडिल ईस्ट में ईरान के साथ बढ़ते सैन्य तनाव के कारण अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं।
-1772288654720_m.webp)
एअर इंडिया और इंडिगो की कई उड़ानें रद। इमेज एआई जेनरेटेड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में ईरान के साथ बढ़ते सैन्य तनाव और क्षेत्रीय सुरक्षा स्थितियों को देखते हुए भारत की प्रमुख एयरलाइंस एअर इंडिया और इंडिगो ने मिडिल ईस्ट के गंतव्यों के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं।
यह फैसला यात्रियों, क्रू सदस्यों और विमानों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। दोनों एयरलाइंस ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को सूचित किया है और प्रभावित पैसेंजर्स को सहायता प्रदान कर रही हैं।
एअर इंडिया ने सभी मिडिल ईस्ट फ्लाइट्स रोकीं
एअर इंडिया ने वर्तमान स्थिति को देखते हुए मिडिल ईस्ट के सभी गंतव्यों के लिए अपनी उड़ानें 1 मार्च की रात 11:59 बजे (2359 घंटे) तक पूरी तरह निलंबित कर दी हैं। कंपनी ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए हुए है। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सबसे ऊपर है। प्रभावित यात्रियों को तुरंत सूचित किया जा रहा है और रीबुकिंग, रिफंड सहित सभी आवश्यक मदद दी जा रही है।
यात्रियों से अपील है कि वे फ्लाइट स्टेटस https://airindia.com/in/en/manage/flight-status.html पर चेक करें या 24×7 कॉल सेंटर (+91 1169329333, +91 1169329999) पर संपर्क करें।
इंडिगो ने भी कीं उड़ानें सस्पेंड
इंडिगो ने ईरान और मिडिल ईस्ट के आसपास विकसित स्थिति को देखते हुए मिडिल ईस्ट तथा कुछ अन्य अंतरराष्ट्रीय सेक्टरों की उड़ानें 1 मार्च 2026 तक सस्पेंड कर दी हैं। कंपनी ने इसे सक्रिय सुरक्षा उपाय बताया है और यात्रियों को असुविधा के लिए खेद जताया है।
टिकटों पर पूर्ण रिफंड या बिना अतिरिक्त शुल्क
यात्रियों को सहायता देने के लिए 7 मार्च 2026 तक मिडिल ईस्ट और चयनित सेक्टरों के लिए पूर्ण फ्लेक्सिबिलिटी और वेवर बढ़ा दिया गया है। 28 फरवरी 2026 या उससे पहले बुक किए गए टिकटों पर पूर्ण रिफंड या बिना अतिरिक्त शुल्क के रीशेड्यूल का विकल्प उपलब्ध है।
इंडिगो ने सलाह दी है कि यात्रा योजनाओं की समीक्षा करें, संपर्क विवरण अपडेट रखें और वेबसाइट पर फ्लाइट स्टेटस चेक करें।तनाव के कारण एयरस्पेस बंद, कई फ्लाइट्स प्रभावितयह कदम अमेरिका-इजरायल की ओर से ईरान पर हमलों और तेहरान की जवाबी कार्रवाइयों के बाद उठाया गया है, जिससे कई देशों (जैसे इराक, कुवैत, बहरीन, कतर, यूएई) ने अपना एयरस्पेस बंद या प्रतिबंधित कर दिया है।
इससे मिडिल ईस्ट रूट पर कई उड़ानें डायवर्ट या कैंसिल हुई हैं। एयर इंडिया और इंडिगो के अलावा स्पाइसजेट जैसी अन्य एयरलाइंस भी प्रभावित हैं। स्थिति अस्थिर बनी हुई है और एयरलाइंस लगातार अपडेट के अनुसार फैसले ले रही हैं।
यात्रियों को सलाह है कि वे अपनी यात्रा से पहले एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से अपडेट चेक करें और वैकल्पिक विकल्पों पर विचार करें। दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों के धैर्य और समझ के लिए धन्यवाद दिया है।
यह भी पढ़ें: ईरान पर हमले के बाद एअर इंडिया और इंडिगो ने मिडिल ईस्ट की सभी उड़ानें की निलंबित, एडवाइजरी जारी
