रेस कोर्स-पोलो क्लब के बाद एयरफोर्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर भी ताला, एयर चीफ मार्शल का विदाई मैच कैंसिल
लोक कल्याण मार्ग स्थित एयरफोर्स स्पोर्ट्स कांप्लेक्स को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है, जिससे वायुसेना प्रमुख एपी ...और पढ़ें

लोक कल्याण मार्ग स्थित रेस कोर्स के गेट पर लगा चेतावनी का बोर्ड और तैनात अर्ध सैनिक बल के जवान। चंद्र प्रकाश मिश्र
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। रेस कोर्स और पोलो क्लब पर कब्जा लेने के बाद अब इससे सटे एयरफोर्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर ताला लगा दिया गया है। अब यह अगले आदेश तक बंद रहेगा।
लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास के पास इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर ताला लगने से यहां होने वाला भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह का सेवानिवृत्ति से पहले का विदाई कार्यक्रम भी रद हो गया है।
वह 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। केंद्र सरकार के भूमि एवं विकास कार्यालय (एलएंडडीओ) ने पहले भी रेस कोर्स और पोलो क्लब की जमीन को इसी तरह खाली कराया था।
अगले आदेश तक बंद रहेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
यह कार्रवाई भी एलएंडडीओ की ओर से ही की गई है। एलएंडडीओ ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास नोटिस बोर्ड लगाया है। इस पर परिसर को अगले आदेश तक बंद रखने की सूचना लिखी हुई है।
हालांकि, मामला केंद्र सरकार और सुरक्षा कारणों से संवेदनशील होने के कारण यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इसे स्थायी रूप से बंद किया जाएगा या यह अस्थायी कदम है।
सुरक्षा कारणों से परिसर के प्रवेश द्वार के पास सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 भी लागू की गई है।
1947 से वायुसेना के नियंत्रण में है परिसर
उल्लेखनीय है कि सितंबर 1947 में यह एयरफोर्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स शुरू हुआ था। यहां नौ होल के गोल्फ कोर्स के साथ ही ड्राइविंग रेंज, शॉर्ट-गेम अभ्यास क्षेत्र, स्विमिंग पूल और आधुनिक इनडोर खेल सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
यह परिसर पूरी तरह से वायुसेना के नियंत्रण में रहता है। इसका उपयोग खेल गतिविधियों के लिए ही होता रहा है।
रेस क्लब और पोलो ग्राउंड की जमीन भी ली
सरकार सुरक्षा कारणों से सरकारी जमीन खाली करा रही है। सरकारी जमीन को जनहित में इस्तेमाल करने की प्रक्रिया के तहत इससे पहले दिल्ली रेस क्लब के लोक कल्याण मार्ग स्थित 53 एकड़ परिसर को अगस्त में खाली कराया गया था।
इसके अलावा जयपुर पोलो ग्राउंड की जमीन भी भारतीय पोलो एसोसिएशन से वापस ली गई थी। इन मामलों में सार्वजनिक उद्देश्यों, प्रशासनिक जरूरतों और रक्षा बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का हवाला दिया गया था।
रक्षा संपदा अधिकारी के रिकॉर्ड के अनुसार, शहरी विकास मंत्रालय की करीब 126.948 एकड़ जमीन पहले रेसकोर्स क्षेत्र का हिस्सा थी और वायुसेना के कब्जे में थी।
इसमें से लगभग 52.8 एकड़ जमीन खेल परिसर के लिए औपचारिक रूप से रक्षा मंत्रालय को हस्तांतरित की गई थी।
लोक कल्याण मार्ग के आसपास जमीनों पर कार्रवाई
नवंबर 2017: एलएंडडीओ ने एयरफोर्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स समेत पांच संपत्तियों को जमीन संबंधी मामलों में नोटिस जारी किए।
मई 2026: केंद्र ने जयपुर पोलो ग्राउंड की करीब 15.2 एकड़ जमीन का कब्जा लिया।
22 मई 2026: दिल्ली जिमखाना क्लब की 27.3 एकड़ जमीन वापस लेने का नोटिस जारी हुआ। क्लब ने हाई कोर्ट में चुनौती दी।
अगस्त 2026: दिल्ली रेस क्लब की करीब 53.24 एकड़ जमीन का कब्जा लेकर केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) को सौंपा गया।
28 अक्टूबर 2026: एयरफोर्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अगले आदेश तक बंद हुआ। वायुसेना प्रमुख एपी सिंह का विदाई गोल्फ कार्यक्रम रद हो गया।
यह भी पढ़ें- कचरा अलग-अलग न करने वालों को चेतावानी, दिल्ली में अब कटेगा 500 रुपये का चालान; बनेंगी 4 अनुपम कॉलोनियां
