रील्स के चक्कर में अब नपेंगे डॉक्टर और स्टूडेंट, AIIMS दिल्ली ने लगाया बैन; जारी की सोशल मीडिया गाइडलाइन
एम्स दिल्ली ने रील्स और सोशल मीडिया गतिविधियों पर सख्ती कर दी हैं। अस्पताल परिसर से मरीजों की पहचान उजागर करने वाली तस्वीरें/वीडियो साझा करने और एम्स के नाम/लोगो के अनधिकृत उपयोग पर रोक लगाई गई है।

एम्स दिल्ली ने सोशल मीडिया को लेकर गाइडलाइन जारी की। फोटो: आर्काइव
HighLights
एम्स दिल्ली ने रील्स और सोशल मीडिया पर दिशानिर्देश जारी किए
मरीजों की गोपनीयता और संस्थान की गरिमा बनाए रखना मुख्य उद्देश्य
उल्लंघन करने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मरीजों की गोपनीयता की सुरक्षा और संस्थान की गरिमा बनाए रखने के लिए एम्स, नई दिल्ली ने रील्स और इंटरनेट मीडिया गतिविधियों को लेकर सख्त गाइडलाइन जारी की है।
नई व्यवस्था के तहत अस्पताल परिसर में मरीजों, उनके उपचार, मेडिकल रिकॉर्ड अथवा किसी भी प्रकार की पहचान उजागर करने वाली तस्वीरों और वीडियो को इंटरनेट मीडिया मंचों पर साझा करने पर रोक लगा दी गई है।
एम्स ने जारी की ये गाइडलाइन
एम्स प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि संस्थान के नाम, लोगो और अन्य आधिकारिक पहचान का उपयोग बिना अनुमति किसी भी निजी इंटरनेट मीडिया अकाउंट, प्रचार सामग्री या अन्य डिजिटल मंचों पर नहीं किया जा सकेगा।
इसके साथ ही शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा, मूल्यांकन और अन्य गोपनीय दस्तावेजों को सार्वजनिक मंचों पर साझा करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
डॉक्टर और स्टूडेंट बना रहे हैं रील्स
संस्थान का कहना है कि हाल के वर्षों में चिकित्सकों, रेजिडेंट डॉक्टरों और छात्रों के बीच अस्पताल परिसर से रील्स और लघु वीडियो बनाने तथा उन्हें इंटरनेट मीडिया पर साझा करने की प्रवृत्ति बढ़ी है। इससे मरीजों की निजता प्रभावित होने और संस्थान की छवि पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका रहती है।
न मानने वालों पर होगा एक्शन
एम्स ने स्पष्ट किया है कि गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले छात्रों, कर्मचारियों या अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ संस्थागत नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन का मानना है कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के दौर में मरीजों की गोपनीयता और पेशेवर आचरण के मानकों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के किसानों को अगले तीन महीने में मिलेंगे प्लॉट, DDA ने जारी की आधिकारिक सूचना