बस चालक की लापरवाही ने बुजुर्ग महिला के दोनों पैर कुचले
पांडव नगर इलाके में एनएच-9 (पूर्व में एनएच-24) पर फुटओवर ब्रिज के पास डीटीसी (दिल्ली परिवहन निगम) बस चालक की लापरवाही से 75 वर्षीय एक महिला बस से नीचे गिर गईं। इसके बाद बस के पिछले पहिये महिला के दोनों पैर के ऊपर से गुजर गए। जख्मी हालत में गंगा देवी को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, वहां से उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन परिवार ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने बताया कि जान बचाने के लिए उनके दोनों पैरों को काटना पड़ सकता है। फिलहाल पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया हैं। पुलिस ने आरोपित चालक राजेश कुमार (32) को गिरफ्तार कर बस को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : पांडव नगर इलाके में एनएच-9 (पूर्व में एनएच-24) पर फुटओवर ब्रिज के पास डीटीसी (दिल्ली परिवहन निगम) बस चालक की लापरवाही से 75 वर्षीय एक महिला बस से नीचे गिर गईं। इसके बाद बस के पिछले पहिये महिला के दोनों पैर के ऊपर से गुजर गए। जख्मी हालत में गंगा देवी को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, वहां से उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन परिवार ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने बताया कि जान बचाने के लिए उनके दोनों पैरों को काटना पड़ सकता है। फिलहाल पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया हैं। पुलिस ने आरोपित चालक राजेश कुमार (32) को गिरफ्तार कर बस को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गंगा देवी बेटे सुधीर के साथ जनता गार्डन, पांडव नगर में रहती हैं। मंगलवार को मदनगीर में उनकी भतीजी की शादी थी। उसमें शामिल होने के लिए वह दोपहर करीब दो बजे घर से निकलकर एनएच-9 पर पहुंची। फुटओवर ब्रिज के पास बस स्टैंड पर खड़ी थीं। इस दौरान मदनगीर जाने वाली लाल रंग की डीटीसी बस पहुंची। वह बस में चढ़ने लगी। उन्होंने पायदान पर एक पैर रखा, चालक ने बस चला दी। इस वजह से गंगा देवी गिर गई। इसके बाद बस का पिछला पहिया उनके पैरों पर चढ़कर पार हो गया। हादसा देख मौके पर मौजूद लोगों ने बस को रोक लिया। चालक को वहीं पर पकड़ लिया गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और गंगा देवी को अस्पताल पहुंचाया। वहीं चालक को गिरफ्तार कर लिया।
गंगा देवी के भतीजे संजय रोहिल्ला ने बताया कि पुलिस से सूचना मिलने के बाद वह लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जीटीबी अस्पताल ले जाने के लिए कह दिया। उनकी हालत इतनी गंभीर थी कि हम लोग उन्हें दूर नहीं ले जा सकते थे। इस वजह से उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने यहां दोनों पैर का ऑपरेशन किया है। डॉक्टरों ने बताया है कि तीन दिन तक उन्हें गहन निगरानी में रखा जाएगा। इसके बाद ही डॉक्टर उनकी हालत पर कोई टिप्पणी करेंगे। फिलहाल डॉक्टरों ने पैर काटने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि गंगा देवी के दो बेटे अलग हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है, लेकिन अब तक तीन लाख रुपये खर्च हो चुके हैं।