DUSU चुनाव को लेकर एबीवीपी ने जारी किया घोषणापत्र, सत्य निकेतन हादसे के बाद हॉस्टल पर दिया जोर
एबीवीपी ने डूसू चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसमें सुरक्षित विद्यार्थी आवास, महिला सुरक्षा और रोजगार के मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया है।

डूसू चुनाव: एबीवीपी का घोषणापत्र, सुरक्षित आवास और रोजगार पर मुख्य फोकस।
HighLights
सुरक्षित विद्यार्थी आवास और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर।
रोजगार के अवसर बढ़ाने, छात्रावास विस्तार का वादा।
समय पर परीक्षा परिणाम, विद्यार्थी-अनुकूल व्यवस्था का प्रस्ताव।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सुरक्षित विद्यार्थी आवास, महिला सुरक्षा और रोजगार के मुद्दों को प्रमुखता देते हुए रविवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। ‘अ-आवास, भा-भागीदारी, वि-विश्वास, प-परिणाम’ के चार आधारों पर तैयार घोषणापत्र में छात्रावासों के विस्तार से लेकर परीक्षा परिणाम समय पर जारी करने और विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तक के वादे किए गए हैं। संगठन ने सभी चार सीटों पर जीत का लक्ष्य रखा है।
सत्य निकेतन में पीजी भवन हादसे के बाद विद्यार्थी आवास की सुरक्षा डूसू चुनाव का प्रमुख मुद्दा बन गई है। एबीवीपी ने अपने घोषणापत्र में नए छात्रावासों का निर्माण, छात्राओं के लिए पर्याप्त आवास, छात्र आवास प्रकोष्ठ और हेल्पलाइन बनाने का वादा किया है। इसके अलावा पीजी और छात्रावासों की सुरक्षा जांच, अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन, स्वच्छता, पेयजल और इंटरनेट जैसी सुविधाओं को बेहतर करने पर जोर दिया गया है।
महिला सुरक्षा के लिए पिंक बूथ, सुरक्षा गश्त की उपलब्धता
महिला सुरक्षा के लिए पिंक बूथ, सुरक्षा गश्त, महिला सुरक्षा कर्मियों की उपलब्धता और बेहतर प्रकाश व्यवस्था का प्रस्ताव रखा गया है। छात्राओं के लिए कामन रूम, सैनिटरी नैपकिन मशीनें, स्त्री-रोग विशेषज्ञ और आत्मरक्षा प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की बात कही गई है। घोषणापत्र में आंतरिक शिकायत समिति, शिकायत निवारण व्यवस्था और विधिक सहायता को प्रभावी बनाने का भी वादा है।
शैक्षणिक मोर्चे पर समयबद्ध एवं पारदर्शी परीक्षा परिणाम, पूरक परीक्षाएं, उत्तर पुस्तिकाएं देखने की सुविधा और आंतरिक मूल्यांकन में पारदर्शिता का मुद्दा उठाया गया है। विद्यार्थियों को समय पर डिग्री उपलब्ध कराने और परीक्षा व्यवस्था को विद्यार्थी-अनुकूल बनाने का भी प्रस्ताव है। रोजगार के लिए रोजगार मेले, उद्योगों व शोध संस्थानों से संपर्क, प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल कौशल आधारित अवसर बढ़ाने की बात कही गई है।
घोषणापत्र विद्यार्थियों की रोजमर्रा की जरूरतों और आकांक्षाओं से जुड़ा
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी यश डबास ने कहा कि घोषणापत्र विद्यार्थियों की रोजमर्रा की जरूरतों और आकांक्षाओं से जुड़ा है। उन्होंने सुरक्षित आवास से लेकर रोजगार तक के मुद्दों पर काम करने का भरोसा दिलाया। उपाध्यक्ष प्रत्याशी ईशू मौर्य ने निर्णय प्रक्रिया में विद्यार्थियों की भागीदारी, जबकि सचिव प्रत्याशी रिया छाबड़ी ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता बताया।
संयुक्त सचिव प्रत्याशी लक्ष्य राज सिंह ने समय पर परिणाम और रोजगार के अवसर बढ़ाने की बात कही। एबीवीपी के प्रदेश सचिव सार्थक शर्मा ने कहा कि संगठन सकारात्मक अभियान के साथ विद्यार्थियों के बीच पहुंच रहा है और इस बार डूसू में क्लीन स्वीप करेगा। एबीवीपी पैनल का मतदान क्रमांक 7-3-3-3 है।
