Delhi News: कश्मीरी पंडितों के समर्थन में पांच जून को जंतर मंतर पर AAP का प्रदर्शन, 1990 के बाद दूसरी बार हो रहा पलायन
Delhi Newsमुख्यमंत्री केजरीवाल ने जम्मू-कश्मीर में टारगेट किलिंग के बाद हो रहे पलायन को लेकर गंभीर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा आज कश्मीर में जो स्थिति बनी है उससे पूरा देश चिंतित है। उन्होंने कहा कि एक पलायन 1990 के आसपास हुआ था यह दूसरी बार पलायन हो रहा है।
नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। कश्मीर में हिंदुओं की हो रही हत्या और पलायन को लेकर आम आदमी पार्टी ने केंद्र में सत्तासीन भाजपा को घेरा है। शुक्रवार को पार्टी प्रमुख व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित पार्टी के तीन प्रमुख नेताओें ने बयान देकर कश्मीर से हिंदुओं का पलायन रोकने की केंद्र सरकार से मांग की। वहीं पार्टी ने इस मुद्दे पर आगामी पांच जून को केंद्र सरकार के खिलाफ जंतर मंतर पर प्रदर्शन की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने जम्मू-कश्मीर में टारगेट किलिंग के बाद हो रहे पलायन को लेकर गंभीर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि आज कश्मीर में जो स्थिति बनी है, उससे पूरा देश चिंतित है। उन्होंने कहा कि एक पलायन 1990 के आसपास हुआ था और यह दूसरी बार पलायन हो रहा है।
कश्मीर में हिंदुओं को जिस तरह निशाना बनाकर मारा जा रहा है, वह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि हमारी केंद्र सरकार से गुजारिश है कि उनकी सुरक्षा के लिए जो भी करने की जरूरत है वह किया जाए। हमारा मकसद उनको उनके घर में बसाना होना चाहिए, उन्हें उनके घर से क्यों उजाड़ा जा रहा है?
मुख्यमंत्री के बयान के बाद आम आदमी पार्टी ने घोषणा की है कि कश्मीरी पंडितों के समर्थन में आगामी पांच जून को सुबह 11 बजे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेगी। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने प्रेसवार्ता कर कहा कि जनवरी 2022 से अब तक 18 लोगों को आतंकवादियों ने चुन-चुन कर मारा है और सिर्फ मई में सात लोगों की हत्या की गई है।
वहीं पार्टी से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर कश्मीरी पंडितों को सुरक्षा नहीं देने का आरोप लगाया है। संजय सिंह ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर कहा कि देश में कश्मीरी पंडितों का पलायन दो बार हुआ है। पहला 1990 में जब केंद्र में भाजपा समर्थित सरकार थी, दूसरा अब जब केंद्र में पूर्ण बहुमत वाली मोदी सरकार है।
उन्होंने कहा कि कश्मीर में आतंकवादियों द्वारा कश्मीरी पंडितों की नृशंस हत्या की जा रही है। भाजपा की केंद्र सरकार उनको सुरक्षा देने में नाकाम रही है। संजय सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री का नाम लेते हुए कहा कि कश्मीरी पंडितों को सुरक्षा दीजिए, उनको सुरक्षा चाहिए। आप लोगों ने कश्मीर फाइल्स फिल्म बनाकर पूरे देश में कई महीनों तक रोना-धोना किया, उनके दर्द को बेचने और राजनीति करने का काम किया है। मगर उन्हें सुरक्षा नहीं दी है, आप लोग उनका पलायन नहीं रोक पा रहे हैं।