AAP नेता का ऐलान- अगले 7 दिन तक भाजपा के असली चेहरे को करेंगे बेनकाब
आम आदमी पार्टी (AAP) के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को यह कहते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को घेरने का प्रयास किया है कि वे आम आदमी पार्टी की चिंता करें।
नई दिल्ली, जेएनएन। आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के गठबंधन की अटकलों पर बयान देने पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को आम आदमी पार्टी (AAP) ने घेरा है। AAP के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने पुरी को खुली बहस की चुनौती दी है। बुधवार को भारद्वाज ने कहा कि हरदीप पुरी AAP की चिंता न करें। उन्होंने कहा कि अगले सात दिनों तक हम दिल्ली की जनता के बीच भाजपा के असली चेहरे को बेनकाब करने का काम करेंगे। दिल्ली की जनता को केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी की दिल्ली विरोधी नीतियों के बारे में बताने का काम करेंगे।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 18 महीने पहले केंद्र में मंत्री बनाए गए राज्यसभा सदस्य पुरी द्वारा नए राजनीतिक ज्ञान का उदय किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरदीप पुरी को अपना काम दिखाने के नाम पर शून्य है। वह अब चुनावी राजनीतिक विश्लेषक के तौर पर अपनी किस्मत आजमाने निकले हैं। यह समझ से बिल्कुल ही परे है कि पुरी दिल्ली की राजनीतिक स्थिति पर अपनी विशेषज्ञ टिप्पणी किस क्षमता के आधार पर दे रहे हैं।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी का जन्म लोकपाल आंदोलन से हुआ है। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अपने घोषणापत्र में इसे लागू करने का वादा किया था। परंतु पांच साल तक दिल्ली और देश की जनता को बेवकूफ बनाने का काम किया। अंतत: देश के सर्वोच्च न्यायालय को कड़ा कदम उठाना पड़ा और सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद मजबूरन भाजपा सरकार को लोकपाल की नियुक्ति करनी पड़ी।
AAP विधायक सौरभ भारद्वाज ने केंद्रीय मंत्री पुरी से पूछे प्रश्न
- केंद्रीय मंत्री पुरी बताएं कि दिल्ली मेट्रो बोर्ड में केंद्र सरकार के नुमाइंदों ने अनुचित मेट्रो किराया बढ़ाने का समर्थन क्यों किया?
- मेट्रो किराया बढ़ाने को लेकर केंद्र सरकार की ओर से मेट्रो मंत्रालय के प्रतिनिधियों को आप ने क्या निर्देश दिए थे?
- मोदी सरकार ने दिल्ली मेट्रो फेज 4 के तीन मार्गों को दिल्ली सरकार ने मंजूरी दी थी उसे क्यों रोक दिया?
- आप और आपका मंत्रालय मेट्रो फेज फोर के तीन मार्गों को मंजूरी नहीं देने के कारणों को जनता के बीच सार्वजनिक करने से क्यों डरते हैं?
- आदर्श आचार संहिता लागू होने से 1 दिन पहले डीडीयू मार्ग पर भाजपा को 2 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का क्या औचित्य है?