AAP को झटका, 68 फीसदी घटा चंदा; इलेक्टोरल ट्रस्ट और ट्राइडेंट समूह बने सबसे बड़े मददगार
आम आदमी पार्टी को वित्त वर्ष 2025-26 में मिले चंदे में 68 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, ...और पढ़ें

आम आदमी पार्टी का चंदा घटा।
HighLights
आप के चंदे में 68% की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज हुई।
कुल 12.10 करोड़ रुपये में से 83% बड़े ट्रस्टों से मिले।
राजिंदर गुप्ता की कंपनी ट्राइडेंट लिमिटेड ने भी बड़ा योगदान दिया।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) को वित्त वर्ष 2025-26 में मिले चंदे में पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 68 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। पार्टी ने चुनाव आयोग को दी योगदान रिपोर्ट में कुल 12.10 करोड़ रुपये का चंदा मिलने की जानकारी दी है। इसमें करीब 83 प्रतिशत राशि प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट और ट्राइडेंट लिमिटेड से मिली है।
वहीं, आप के पूर्व प्रवक्ता अशुतोष रांका ने भी पार्टी को 21,100 रुपये का योगदान दिया था। यह योगदान उस समय का है, जब वह आप से जुड़े हुए थे। बाद में वह काकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक बने।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट और ट्राइडेंट लिमिटेड ने आप को पांच-पांच करोड़ रुपये दिए। शेष करीब 2.10 करोड़ रुपये अन्य दानदाताओं से मिले।
ट्राइडेंट लिमिटेड की स्थापना पूर्व आप सांसद राजिंदर गुप्ता ने की
ट्राइडेंट लिमिटेड की स्थापना पूर्व आप सांसद राजिंदर गुप्ता ने की थी। कंपनी की ओर से पांच करोड़ रुपये का चेक नौ जनवरी 2026 को दिया गया था। उस समय गुप्ता आप के साथ थे। वह अक्टूबर 2025 में आप के टिकट पर राज्यसभा के लिए चुने गए थे। बाद में अप्रैल 2026 में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया।
आप ने वित्त वर्ष 2024-25 में 38.10 करोड़ रुपये के योगदान की जानकारी दी थी, जो 2023-24 में घोषित 11.06 करोड़ रुपये से तीन गुना से अधिक था। उस वर्ष प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट पार्टी का सबसे बड़ा दानदाता था और उसने 16.40 करोड़ रुपये दिए थे। ताजा रिपोर्ट आप के फरवरी 2025 में दिल्ली की सत्ता गंवाने के बाद का पहला पूरा वित्त वर्ष भी है। पार्टी अभी पंजाब में सत्ता में है और ट्राइडेंट लिमिटेड का आधार भी पंजाब में है।
केजरीवाल के नाम 10-10 हजार रुपये के तीन योगदान दर्ज
रिपोर्ट में कुल 1,202 क्रमांकित प्रविष्टियां हैं। पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के नाम 10-10 हजार रुपये के तीन योगदान दर्ज हैं। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने 3,500-3,500 रुपये की 12 किस्तों में कुल 42 हजार रुपये दिए। पंजाब आप अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने 10-10 हजार रुपये की 12 किस्तों में कुल 1.20 लाख रुपये का योगदान दिया।
