जाखड़ होंगे पश्चिमी दिल्ली सीट से आप के उम्मीदवार
कांग्रेस से गठबंधन की अटकलों के बीच आम आदमी पार्टी (आप)ने लोकसभा चुनाव के लिए सातवें प्रत्याशी की भी रविवार को घोषणा कर दी। आप ने पश्चिमी दिल्ली सीट से बलवीर सिंह जाखड़ को टिकट दिया है। जाखड़ लोकपाल आंदोलन के समय से ही पार्टी के साथ जुड़े रहे हैं।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली
कांग्रेस से गठबंधन की अटकलों के बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने लोकसभा चुनाव के लिए सातवें प्रत्याशी की भी रविवार को घोषणा कर दी। आप ने पश्चिमी दिल्ली सीट से बलबीर सिंह जाखड़ को टिकट दिया है।
जाखड़ जनलोकपाल आंदोलन के समय से ही पार्टी से जुड़े हुए हैं। वह एलएलबी उत्तीर्ण हैं और मुख्य तौर पर अधिवक्ता राजनीति में सक्रिय रहे हैं। 2016 से द्वारका कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं। 2008 से लेकर 11 तक द्वारका कोर्ट में ही उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत रहे। सेक्टर-19 द्वारका दिल्ली के निवासी जाखड़ वर्तमान में ऑल दिल्ली कोर्ट बार एसोसिएशन के चेयरमैन हैं।
रविवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने जाखड़ के नाम की घोषणा की। बता दें कि आप छह लोकसभा प्रत्याशियों के नाम पहले ही घोषित कर चुकी है। पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर अभी तक कोई प्रत्याशी नही था। इस सीट के संबंध में पार्टी के पास कई लोगों के नामों के सुझाव आए थे। उनमें से पार्टी ने बलवीर सिंह जाखड़ को पश्चिमी लोकसभा सीट से अपना लोकसभा प्रत्याशी घोषित किया है।
इस मौके पर राय ने बताया कि लगभग छह माह पहले ही आप ने छह लोकसभा सीटों पर अपने प्रभारियों के नाम की घोषणा कर दी थी। वे सभी प्रभारी अपने-अपने लोकसभा क्षेत्र में पिछले छह महीने से चुनाव प्रचार कर रहे थे। पार्टी की कमेटी में प्रस्ताव पारित होने के बाद उन सभी प्रभारियों के नाम लोकसभा प्रत्याशी के तौर पर घोषित किए गए थे। पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट के लिए प्रभारी की घोषणा नहीं की गई थी। इस सीट के लिए सीधे तौर पर प्रत्याशी की घोषणा की गई है। ये हैं आप के सातों प्रत्याशी
लोकसभा क्षेत्र प्रत्याशी
चांदनी चौक पंकज गुप्ता
पूर्वी दिल्ली लोकसभा आतिशी
उत्तर-पूर्वी दिल्ली दिलीप पांडेय
नई दिल्ली बृजेश गोयल
दक्षिणी दिल्ली राघव चड्ढा
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली गुग्गन सिंह
पश्चिमी दिल्ली बलबीर सिंह जाखड़