दिल्ली में खौफनाक वारदात, 'तवे' से वार कर पत्नी को मार डाला; आरोपी पति ने थाने में कबूला जुर्म
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ में एक व्यक्ति ने घरेलू झगड़े के बाद अपनी पत्नी की तवे से हत्या कर दी। ...और पढ़ें

दिल्ली में एक व्यक्ति ने तवे से वार करके पत्नी की हत्या कर दी।
HighLights
नजफगढ़ में पति ने तवे से पत्नी की हत्या की।
घरेलू झगड़े के बाद हुई यह खौफनाक वारदात।
आरोपी पति ने पुलिस के सामने जुर्म कबूला।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। बाबा हरिदास नगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक कलह के बीच एक पति ने तवे से वार कर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। मामले की छानबीन जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित पति दिनेश पटेल पिछले दो-तीन वर्षों से गंभीर मानसिक बीमारी सिजोफ्रेनिया से जूझ रहा है और राम मनोहर लोहिया अस्पताल से उसका इलाज चल रहा था। करीब दो महीने पहले उसकी आईटी कंपनी की नौकरी भी छूट गई थी।
काम न होने की हताशा और बिगड़ती मानसिक स्थिति के कारण घर का माहौल पूरी तरह से अशांत था। आए दिन छोटी-छोटी बातों पर होने वाली कहासुनी के बीच, घटना वाली रात उसने आपा खोया और अपनी पत्नी सरिता पर तवे से घातक प्रहार कर उनकी जान ले ली।
आधी रात को हुआ झगड़ा, सुबह थाने पहुंचा आरोपित
यह दुखद घटना गोपाल नगर, नजफगढ़ की है। रविवार की सुबह आरोपित दिनेश पटेल खुद बाबा हरिदास नगर थाने के ड्यूटी आफिसर के सामने आया। उसने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात उसका अपनी पत्नी सरिता से किसी बात पर झगड़ा हुआ था। गुस्से में आकर उसने घर में रखे तवे से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
2005 में हुई थी शादी, दो बच्चे हैं
पूछताछ में सामने आया कि दिनेश और सरिता की शादी वर्ष 2005 में हुई थी। उनके दो बेटे हैं, बड़ा बेटा इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा बेटा पांचवीं कक्षा में पढ़ता है। सरिता का मायका भी नजफगढ़ के गोपाल नगर में ही स्थित है। नौकरी छूटने और मानसिक बीमारी के कारण दिनेश अपनी मौजूदा स्थिति से बेहद परेशान था और घर में लगातार तनाव का माहौल बना हुआ था।
आरोपित हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम, एफएसल और क्राइम टीम के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपित दिनेश पटेल को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ बाबा हरिदास नगर थाने में हत्या की धारा में प्राथमिकी कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
