नोएडा-वैशाली-द्वारका रूट पर मेट्रो ने रुलाया
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
दिल्ली मेट्रो ने नोएडा-वैशाली-द्वारका रूट पर शुक्रवार सुबह लोगों को रुलाया। सुबह लगभग सवा नौ बजे जनकपुरी पश्चिम मेट्रो स्टेशन के पास ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर में अचानक स्पार्क होने से सेवा बाधित हो गई। नोएडा व वैशाली से आ रही मेट्रो सेवा करीब दस मिनट के लिए पूरी तरह ठप हो गई।
इससे इस रूट के सभी स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने तो टोकन लौटाकर दफ्तर पहुंचने के लिए दूसरे वाहनों का सहारा लिया, वहीं कुछ ऐसे भी लोग रहे जो लाइन ठीक होने का इंतजार करते रहे। सुबह 9:15 बजे आए इस व्यवधान से सबसे ज्यादा परेशानी दफ्तर जाने वाले लोगों को हुई। इस बीच उत्तम नगर पूर्व से जनकपुरी पूर्व तक एक ही लाइन से दोनों ओर की मेट्रो का परिचालन किया गया। काफी मशक्कत के बाद लगभग पौने ग्यारह बजे सेवा सुचारु हो सकी। बताते चलें कि डीएमआरसी अधिकारी इस रूट को पूरी तरह से दुरुस्त होने का दावा करते हैं।
द्वारका मोड़ मेट्रो स्टेशन से लक्ष्मी नगर आ रहे धीरज, सुशील, स्वेता व अंकिता ने कहा कि सामान्य दिनों में हमें यहां पहुंचने में 40 मिनट लगते थे, लेकिन शुक्रवार को दो घंटे में पहुंच पाए। वहीं विक्की व सचिन ने बताया कि आए दिन मेट्रो में आ रही खराबी से हमारा विश्वास मेट्रो से उठने लगा है। इस बारे में डीएमआरसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अनुज दयाल ने बताया कि जनकपुरी पश्चिम मेट्रो स्टेशन के पास ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर में थोड़ी दिक्कत हुए थी, जिसे ठीक कर लिया गया।
नोएडा-वैशाली-द्वारका रूट पर कब-कब खराब हुई मेट्रो
11 सितंबर 2009- तकनीकी खराबी के कारण करीब 30-40 मिनट तक बाधित रही।
8 नवंबर 2009- आरके आश्रम और राजीव चौक के बीच पावर फेल होने के चलते ब्रेकडाउन हुआ।
29 अक्टूबर 2010- सिग्नल समस्या के चलते रफ्तार थमी।
18 जुलाई 2011- नोएडा रूट पर तकनीकी खामी के चलते रफ्तार थमी।
2 फरवरी 2011- सिग्नल समस्या के चलते ब्रेकडाउन हुआ।
10 जनवरी 2011- कीर्ति नगर मेट्रो स्टेशन पर तकनीकी खराबी के चलते सेवा बाधित।
9 जनवरी 2011- सिग्नल की समस्या ने सेवा बाधित की।
एक फरवरी 2011- बिजली सप्लाई देने वाले यूपीएस में खराबी के कारण दिक्कत रही।
1 जनवरी 2012- रात करीब 9:30 बजे इंद्रप्रस्थ तथा प्रगति मैदान के बीच ओवरहेड इलेक्ट्रिक तार अचानक टूट गई थी। इस रूट पर मेट्रो सेवा पूरी तरह से ठप रही थी।
21 फरवरी 2012- इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के पास मेट्रो ट्रैक में करीब 100 मीटर तक खराबी आने से मेट्रो करीब 30 मिनट की देरी से मिली।
14 मार्च 2012- यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर आग लगने की सूचना से करीब 30 मिनट तक मेट्रो सेवा ठप।
29 मार्च- सिगनल सिस्टम फेल हो जाने से यह रूट बाधित हुआ।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर