दिल्ली की सबसे ऊंची इमारत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की तैयारी, MCD ने तैयार किया प्लान
महापौर ने कहा कि निगम मुख्यालय की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगने से बिजली के बिल में 15 लाख रुपये की बचत होगी। इस अवसर पर उन्होंने निगम मुख्यालय के साथ निगम के अन्य भवनों में ऊर्जा संयंत्र लगाने की संभावना तलाशने के निर्देश दिए।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली की सबसे ऊंची इमारत उत्तरी दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में अब सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की संभावनाओं को टटोला जाने लगा है। इसको लेकर महापौर जय प्रकाश ने स्थायी समिति अध्यक्ष जय प्रकाश और नेता सदन योगेश वर्मा व अधिकारियों के साथ निगम की छत का निरीक्षण किया और सौर ऊर्जा के पैनल लगाने की संभावनाओं की समीक्षा की। वैसे, इससे पहले भी सिविक सेंटर पर ग्लास हाउस बनाने या फिर पर्यटन स्थल बनाने की बातें हुई थीं, लेकिन वह परवान नहीं चढ़ सकीं।
हालांकि, महापौर आश्वस्त हैं कि वे यहां सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि निगम मुख्यालय की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगने से बिजली के बिल में 15 लाख रुपये की बचत होगी। इस अवसर पर उन्होंने निगम मुख्यालय के साथ निगम के अन्य भवनों में ऊर्जा संयंत्र लगाने की संभावना तलाशने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि नगर निगम ने 164 निगम विद्यालयों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाए हैं, जबकि 90 विद्यालयों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का प्रस्ताव प्रगति पर है। उल्लेखनीय है कि सिविक सेंटर का नाम राजधानी की सबसे ऊंची इमारत में शुमार है। 28 मंजिला यह इमारत वर्ष 2010 में बनकर तैयार हुई थी। यहां फिलहाल उत्तरी व दक्षिणी नगर निगम का मुख्यालय होने के साथ आयकर विभाग का कार्यालय भी चलता है। इमारत का मालिकाना हक उत्तरी निगम के पास है।
जोशी कालोनी में कौशल विकास केंद्र का शुभारंभ
वहीं, आइपी एक्सटेंशन स्थित जोशी कालोनी में शांति देवी मित्तल फाउंडेशन द्वारा नवनिर्मित भवन में कौशल विकास केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ दिल्ली प्रांत के कार्यकारिणी सदस्य दयानंद ने कहा कि हर प्राणी की सेवा करना मनुष्य का कर्तव्य है। भारत को विश्व गुरु के नाम से जाना जाता था, क्योंकि हमारे देश में समाज द्वारा ही समाज व्यवस्था की जाती थी।
स्थानीय विधायक ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि इस निश्शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुरू होने से जरूरतमंद लोगों को रोजगार मिलेगा। साथ ही लोग स्वरोजगार के लिए भी प्रेरित होंगे। वहीं, फाउंडेशन के संरक्षक समाज सेवी सुरेश बिंदल ने बताया कि ने बताया कि स्केट्स होप सेंटर द्वारा केंद्र को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे लोगों को निश्शुल्क लाभ प्राप्त होगा। इस केंद्र में सिलाई, कंप्यूटर, सौंदर्य प्रसाधक, शिक्षा आदि का निश्शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से निवेदन करते हुए कहा कि पैसे व पसीने की मान्यता एक समान है, लोग श्रम दान करके भी इस केंद्र के संचालन में सहयोग कर सकते हैं।